Political

Smart City Award: देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर अब स्मार्ट सिटी में भी अव्वल: राष्ट्रपति

इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड प्रतियोगिता-2022 के विजेताओं को सम्मानित किया गया

इंदौर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशनल सेंटर में इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड प्रतियोगिता-2022 के विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे। राष्ट्रपति ने इस मौके पर कहा कि मुझे खुशी है कि इंदौर ने भारत के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में अपना स्थान बनाए रखा है और अब स्मार्ट सिटी में भी सबसे ऊपर है। यह हमारे लिए और मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि देश के सभी शहरों को इंदौर से सीख लेना चाहिए और न केवल साफ-सफाई अपितु व्यवस्थित शहरों में भी अपना नाम लिखवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों क्षेत्र में भी शहरों की तरह स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाए। हमारा देश अमृतकाल से गुजर रहा है।

स्मार्ट सिटी मिशन सपनों को असल में बदलने का प्रयास: राज्यपाल

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि राज्य में स्मार्ट सिटी मिशन सपनों को असल में बदलने का प्रयास है। हमारा देश सभी दिशाओं में अतुल्य और अद्भुत भारत निर्माण की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी बोले, छप्पन दुकान बहुत चर्चित स्थान हैं। इंदौर शहर एक मॉडल बन गया हैं। मप्र ने बैंचमार्क स्थापित किया हैं। महामारी के दौरान स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर वार रूम बने।

हमारे सपनों का शहर है इंदौर: चौहान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- राष्ट्रपति जी का मध्य प्रदेश की जनता की ओर से स्वागत करता हूं। इंदौर हमारे सपनों का शहर है। भारत की परंपरा रही है कि अतिथि देवो भव: आप सब यहां पर पधारे हमारे लिए मेहमान हैं। मध्य प्रदेश की परंपरा के अंतर्गत मैं आप सबका इंदौर जो हर दौर में आगे रहता है वहां आपका स्वागत करता हूं। मां अहिल्या का शहर है इंदौर। हमारे सपनों को दौर है इंदौर। सफाई में नंबर वन स्मार्ट सिटी का सिरमौर है इंदौर। इसके पकवानों की खुशबू हमें खींच लाए। इसके पोहे जलेबी जी ललचाए। इसकी गलियों-गलियों का स्वाद बेजोड़ है ये इंदौर है। मालवा का चंदन है। हमारा अभिनंदन है। इसके जैसा न कोई है ये इंदौर है। इंदौर में न कोई पूरब का न कोई पश्चिम का रहता है। जो इंदौर आता है वो इंदौर का ही हो जाता है। चाहे आप 56 दुकान चले जाएं चाहे सराफा चले जाएं। चाहे राजवाड़ा चले जाएं इंदौर सबको अपनाता है।

इंदौर को मिला नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड

नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड में इंदौर को पहला स्थान मिला। जैसे ही इंदौर की टीम पुरस्कार लेने पहुंची, इंदौर रहेगा नंबर वन के नारे लगे। सूरत को दूसरा स्थान तथा आगरा को तीसरा स्थान मिला। सर्वश्रेष्ठ राज्य अवार्ड में मध्य प्रदेश को पहला स्थान मिला। इस दौरान शिवराज सिंह तूफ़ान हैं के नारे लगे। सर्वश्रेष्ठ राज्य अवार्ड में तमिलनाडु को दूसरा जबकि राजस्थान और उत्तर प्रदेश को तीसरा स्थान मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button