Weather: भोपाल समेत कई जिलों में हुई बूंदाबांदी, प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

भोपाल। राजधानी भोपाल सहित उज्जैन, सिवनी, मलाजखंड में रविवार को दिन में बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सोमवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम में जो बदलाव और गरज-चमक व बूंदाबांदी का क्रम दिख रहा है, उसमें मंगलवार से और बढ़ोतरी हो सकती है। देश में 10 और फिर 13 अप्रैल को दो पश्चिमी विक्षोभ पहुंचने का अनुमान है, जिससे इस तरह की गतिविधियां आने वाले पूरे सप्ताह तक जारी रह सकती है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उत्तराखंड में एक द्रोणिका बनी हुई है। ओडिशा से लेकर विदर्भ, कर्नाटक, तमिलनाडु और मराठवाड़ा होते हुए कोमरीन तक एक द्रोणिका बनी है। इन प्रणालियों के अलावा दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में एक चक्रवात बना हुआ है।

मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि सोमवार को जबलपुर, नर्मदापुरम, शहडोल संभाग के जिलों सहित भोपाल और सागर के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कहीं-कहीं ओले गिरने की भी आशंका है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles