BJP: विवादों में घिरा नर्मदापुरम सांसद का पुष्प अभिषेक, किसान खाद के लिए लाइन में और जन प्रतिनिधि सिंहासन पर बैठ कर पुज रहे हैँ…

नर्मदापुरम। जिले के सिवनी मालवा की उपनगरी बनापुरा में भाजपा सांसद और किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी का भव्य पुष्प अभिषेक इन दिनों राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा में है। यह आयोजन ऐसे समय में हुआ जब जिले भर के किसान खाद और बिजली संकट से जूझ रहे हैं और यूरिया के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं।

महाआरती के बाद सिंहासन पर बैठकर हुआ ‘पुष्प स्नान’
मामला 28 सितंबर की रात सिवनी बानापुरा स्थित निलय ड्रीम्स कॉलोनी में हुई, जहां मां दुर्गा की महाआरती के बाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी को एक सिंहासननुमा कुर्सी पर बैठाकर मंच पर पुष्प अभिषेक किया गया। महिलाओं और पुरुषों ने मंत्रोच्चार के बीच सांसद पर एक क्विंटल से अधिक फूल बरसाए। सांसद ने इस पूरे कार्यक्रम को फेसबुक पर लाइव भी किया, लेकिन भारी ट्रोलिंग और आलोचनाओं के बाद उन्होंने लाइव वीडियो हटा दिया।

किसान संकट के बीच आयोजन पर उठे सवाल
जिले में इस समय किसान खाद, बिजली और सिंचाई जैसी बुनियादी जरूरतों की कमी से परेशान हैं। कई जगहों पर यूरिया के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और किसान अपनी मांगों को लेकर ट्रैक्टर रैली भी निकाल रहे हैं।ऐसे हालात में सांसद का इस तरह का भव्य आयोजन लोगों को खटक गया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने तंज कसते हुए सवाल उठाया कि “जब किसान लाइन में खड़े हैं, तब सांसद फूलों में क्यों नहा रहे हैं?”

screenshot 20250930 1608055810577030229573584

सफाई में कहा- सांसद ने मना किया था
मामले को लेकर सांसद दर्शन सिंह चौधरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।आयोजन समिति के सदस्य निशांत पाठक ने सफाई देते हुए कहा कि “सांसद ने पुष्प अभिषेक से मना किया था, लेकिन उनकी बहनों और परिवार जैसे जुड़े लोगों के आग्रह पर यह सम्मान दिया गया।”

भाजपा नेताओं की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम
इस आयोजन में स्थानीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राजपूत, नगर परिषद अध्यक्ष रिंकू जैन और मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बोले- भाजपा खुद को भगवान मान कर खुद की पूजा करवा रही है।
ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष विजय पटेल का कहना है कि एक तरफ किसान खाद के लिए परेशान है, सोयाबीन पूरा ख़राब हो चूका है। मुआवजे की आवश्यकता है, बहुत सी समस्याएं है। भाजपा नेताओं का कहना है कि किसान हमारे भगवान है और हम उसके पुजारी है लेकिन भाजपा खुद को भगवान मान कर खुद की पूजा करवा रही है।

कांग्रेस की मांग है कि ऐसी चींजे करने की बजाए भाजपा नेताओं को किसानों की समस्या के निराकरण के लिए सरकार के मुखिया से चर्चा कर सही सर्वे और बीमा जल्द से जल्द देने की कोशिश करना चाहिए।

किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष बोले- अगर कोई आग्रह करता है तो उसे मना कर देना चाहिए

किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी का कहना है कि सांसद जनता की सेवा के लिए है, उन्हें किसानों ने चुना है और इसलिए चुना है कि वहां जाकर क्षेत्र की मांग को पूरा करें। किसानों की फसल तुलने लगे, किसान भटके नहीं, परेशान ना हो तो किसान अपने जनप्रतनिधियों की स्वत: ही पूजा करने लगेगा।
जिस समय किसान परेशान है और शक्ति की उपासना का पर्व चल रहा है तो इसे देवी शक्ति तक ही सीमित रहने दे ना की स्वयं का अभिषेक करवाए और यदि कोई आग्रह करता भी है तो विनम्रता पूर्व इनकार कर दे। यदि ऐसा करेंगे तो लोगों के बीच भी अच्छा मैसेज जाएगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीती शुक्ला का कहना है कि मैं उस समय वहां नहीं थी वहां क्या परिस्थिति बनी होगी उसकी मुझे जानकारी नहीं है। उनके जो कार्यकर्त्ता या पारिवारिक लोग होंगे वो नहीं माने होंगे। यदि कोई ज्यादा आग्रह करे तो मना भी नहीं कर सकते हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles