Tharoor: केरल चुनाव में थरूर की भूमिका तय..? खरगे-राहुल से मुलाकात के बाद बड़ी मिली जिम्मेदारी

तिरुवनंतपुरम. सांसद और कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर व पार्टी आलाकमान के बीच सबकुछ सामान्य हो गया है। गुरुवार (29 जनवरी) को शशि थरूर ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात की। इस बैठक के बाद थरूर ने पार्टी नेतृत्व से मुलाकात पर खुशी जताई। साथ ही चर्चा को बहुत अच्छा और सकारात्मक करार दिया। ऐसे में उन सभी अटकलों पर पूरी तरह से विराम लग गया, जिसमें उनके पार्टी छोड़ने के कयास लगाए जा रहे थे। इस बीच अब केरल चुनाव में थरूर की भूमिका को लेकर भी बड़ा खुलासा हुआ है। 
तिरुवनंतपुरम में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस विधायक और विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने बताया कि वह कोच्चि में राहुल गांधी के साथ एक मीटिंग में भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि शशि थरूर केरल में चुनावों के लिए यूडीएफ कैंपेन में सबसे आगे रहेंगे। वह चुनावों के लिए केरल में अधिक सक्रिय रहेंगे। सतीशन ने आगे कहा कि हम उन्हें राज्य की सभी 140 सीटों पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
दिल्ली में मुलाकात के बाद क्या बोले थरूर?
वहीं दिल्ली से केरल पहुंचे शशि थरूर ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात पर अपनी प्रतिक्रिया दी। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं इसे एक सकारात्मक तरीके से देखता हूं कि सभी मुद्दों पर बहुत अच्छे माहौल में और मिलजुलकर बातचीत करने का मौका मिला, और यह किसी भी पार्टी के लिए बहुत जरूरी है। हम सब साथ काम करने वाले साथी हैं। ये मेरे दो नेता हैं, एक तरफ कांग्रेस अध्यक्ष और दूसरी तरफ संसद के मेरे अपने सदन, लोकसभा में विपक्ष के नेता। बहुत ही अच्छी और केंद्रीत बातचीत करने का मौका मिलना अच्छा रहा। हम सब मिलकर बहुत ही पॉजिटिव तरीके से आगे बढ़ रहे हैं।”
पार्टी की बैठकों से बना ली थी दूरी!
दरअसल, शशि थरूर पार्टी नेतृत्व से पिछले काफी दिनों से नाराज चल रहे थे। इतना ही नहीं उनकी नाराजगी इस कदम थी कि वो पार्टी आलाकमान की बैठकों में शामिल नहीं हुए। चाहे वो राहुल गांधी की अध्यक्षता वाली बैठक हो या फिर सोनिया गांधी की बैठक। हालांकि बैठकों में शामिल ना होने पर थरूर ने कभी व्यक्तिगत तो कभी किसी और कार्यक्रम की व्यस्तता का हवाला दिया, लेकिन उनको लेकर तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में कयास लगाए जा रहे थे कि वो पाला बदल सकते हैं। लेकिन अब दिल्ली में हुई मुलाकात के बाद सबकुछ पहले की तरह सामान्य होने का दावा किया गया है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles