Congress : हरियाणा में बड़ा बदलाव, राव नरेंद्र सिंह होंगे प्रदेश अध्यक्ष, भूपेंद्र हुड्डा बने नेता प्रतिपक्ष

चंडीगढ़। आखिरकार वह फैसला हो गया, जिसका हरियाणा की राजनीति को बेसब्री से इंतजार था। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष (विधायक दल के नेता) का एलान कर दिया है। एक बार फिर भूपेंद्र सिंह हुड्डा नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभाएंगे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष पद पर उनके करीबी राव नरेंद्र को हाईकमान ने भरोसा जताया है। कांग्रेस ने जाट और ओबीसी गठजोड़ को महत्व दिया है, जिसकी चर्चा पहले से थी और कई राजनीतिक पंडित इस संयोजन की सलाह भी दे रहे थे। हुड्डा 2 बार मुख्यमंत्री, 4 बार नेता प्रतिपक्ष, 4 बार सांसद और 6 बार विधायक और 6 साल तक प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। राव नरेंद्र सिंह 3 बार विधायक और हुड्डा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं।

कांग्रेस ने एक कदम आगे बढ़ते हुए न केवल ओबीसी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया, बल्कि अहीरवाल क्षेत्र से आने वाले नेता को इस पद के लिए चुना। इसका कारण यह है कि कांग्रेस को सत्ता हासिल करने के लिए अहीरवाल में मजबूती जरूरी है, क्योंकि पिछले तीन कार्यकाल से अहीरवाल ही बीजेपी के लिए सत्ता की चाबी साबित हुआ है।

इन दो नेताओं की ताजपोशी से यह भी स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस हाईकमान का भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर पूरा भरोसा कायम है। विरोधी गुटों ने दोनों पदों में से कोई एक हासिल करने के लिए दिल्ली में पूरे एक साल तक लॉबिंग की, लेकिन हाईकमान ने साफ कर दिया कि जनता और विधायकों पर पकड़ ही नेतृत्व का पैमाना होगी, न कि दिल्ली दरबार में हाजिरी।
हरियाणा कांग्रेस में बीते कई दिनों से सबसे ज्यादा चर्चित सवाल बना हुआ था कि नेता प्रतिपक्ष और प्रदेशाध्यक्ष कौन बनेगा? चर्चा थी कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल सकती है। पार्टी हाईकमान ने बिहार में बुधवार को होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में इन दोनों नेताओं को बुलाया था।

राहुल गांधी पहले ही बोल चुके हैं कि विधानसभा में विपक्ष की कमान किसी ऐसे नेता को दी जाएगी जो न केवल मजबूत संगठनात्मक पकड़ रखता हो बल्कि सरकार पर तीखे प्रहार भी कर सके। इसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा सबसे आगे थे। दूसरी ओर, प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी ऐसे चेहरे को देने की कोशिश है जो संगठन में संतुलन बनाते हुए सभी गुटों को साथ लेकर चल सके। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने साफ कहा कि हरियाणा कांग्रेस कमेटी की ओर से दोनों पदों पर नियुक्तियों को लेकर प्रस्ताव दिल्ली हाईकमान तक पहुंचा दिया गया है। अब अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा, जो कि कभी भी नाम जारी कर सकता है।

img 20250929 wa00616931838630652467911

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles