नई दिल्ली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि युद्ध के मुद्दे पर राजनीति करना सही नहीं है। उन्होंने पूछा कि खाड़ी में फंसे भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सरकार का क्या प्लान है।
प्रियंका गांधी ने लोकसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा लोगों की जान खतरे में है क्योंकि ऊपर से बम बरस रहे हैं। प्रधानमंत्री इस पर क्या कर रहे हैं? लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का क्या प्लान है? युद्ध और संकट के मुद्दे पर राजनीति करना सही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा देश इस मसले पर एकजुट है, लेकिन समस्या का समाधान ढूंढना जरूरी है। इसके लिए संसद में चर्चा होनी चाहिए ताकि सुझाव दिए जा सकें और समाधान निकाला जा सके।
तेल-गैस संकट पर भी बोली प्रियंका
प्रियंका गांधी ने मौजूदा संकट का हवाला देते हुए कहा जैसे-जैसे यह युद्ध जारी है, समस्याएं बढ़ रही हैं। आज गैस सिलेंडर इतना महंगा हो गया है कि कोई खरीद नहीं पा रहा। भविष्य में पेट्रोल और डीजल की कमी होगी। ऐसे में सरकार का समाधान क्या है?
इससे पहले रविवार को केरल में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि खाड़ी में युद्ध के दौरान भारत में इसके प्रभाव को न्यूनतम रखने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युद्ध शुरू होने से ही वे सभी देशों के नेताओं के संपर्क में हैं और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता है।
प्रियंका गांधी के आरोपों के जवाब में मोदी ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया और कहा कि कांग्रेस के बयान खाड़ी में रहने वाले भारतीयों के लिए खतरनाक हैं। पीएम ने कहा लगभग एक करोड़ भारतीयों की जान जोखिम में डालकर कांग्रेस राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है।
