MP : कुछ इस तरह हुई हेमंत खंडेलवाल की ताजपोशी… घोषणा कल होगी..अभी और बदलेंगे समीकरण…

भोपाल। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को अंततः दस महीने के इंतजार के बाद नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम निर्विरोध रूप से सामने आया है। खंडेलवाल एमपी के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के पसंदीदा बताए जाते है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयं संघ और केंद्रीय नेतृत्व ने भी उनके नाम पर सहमति दे दी थी।

हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल समेत कई नेता उनके नाम पर समर्थन जता चुके है, पर खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचाने में संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश सोनी की खास भूमिका बताई जा रही है।

मध्यप्रदेश की राजनीति में खंडेलवाल को संघ का निष्ठावान कार्यकर्ता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी सुरेश सोनी का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। इससे पहले डॉ.मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाने में भी सुरेश सोनी की राय अहम भूमिका में थी। सूत्र बताते हैँ कि दिल्ली में सोनी और यादव दोनों ने मिलकर हेमंत खंडेलवाल के नाम को आगे बढ़ाया है। सीएम यादव ने केंद्रीय भाजपा नेतृत्व को यह भरोसा भी दिलाया है कि खंडेलवाल के नेतृत्व में सरकार और संगठन के बीच तालमेल सुदृढ़ रहेगा। अभी वीडी शर्मा और सीएम यादव के बीच तालमेल ठीक नहीं होने सूचनाएं सामने आती रही हैँ। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा पार्टी कार्यकर्ताओं से ज्यादा संवाद नहीं रखते है। कई बार ये शिकायत भी भाजपा हाईकमान तक पहुंची है। खंडेलवाल की गिनती ऐसे नेताओं में होती है जो सभी कार्यकर्ताओं की बात सुनते है और सभी को साथ लेकर चलते है। समन्वय उनकी सबसे बड़ी ताकत बताई जाती है। खंडेलवाल के अध्यक्ष के बाद प्रदेश के निगम, मंडलों, बोर्ड, प्राधिकारियों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज होगी। पहले की तुलना में पार्टी और सरकार के बीच समन्वय बेहतर होगा। 

इस तरह निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए खंडेलवाल
बैतूल विधायक हेमंत विजय खंडेलवाल निर्विरोध मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष चुने गए। नामांकन प्रक्रिया में उनके अलावा किसी और ने नाम दाखिल नहीं किया। सीएम डॉ. मोहन यादव खंडेलवाल के प्रस्तावक बने। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने मंत्री वीरेंद्र खटीक के बगल में बैठे हेमंत खंडेलवाल को इशारा किया। इसके बाद सीएम मोहन यादव उनका हाथ पकड़कर मंच पर लेकर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, विवेक शेजवलकर और सरोज पांडे के सामने उन्होंने नामांकन दाखिल कराया। भाजपा कार्यालय के सभागार में चुनाव अधिकारी और चुनाव प्रभारी के साथ ही पर्यवेक्षक सरोज पाण्डे, सीएम डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र कुमार खटीक भी मौजूद रहे।

एक साथ कई समीकरण

हेमंत की अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी कल विधिवत होगी, लेकिन इसके साथ ही कई समीकरण बदलेंगे। पहले तो बनिया वर्ग से अध्यक्ष बना कर न केवल ब्राह्मण वर्ग की दावेदारी ख़त्म की गई, अपितु नाराज चल रहे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को और हाशिये पर भेजे जाने का इशारा किया गया है। वहीं cm मोहन यादव को और मजबूती दी गई है। Vd शर्मा से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिल रहा था, उलटे कई जगह से विरोध जरूर सुनाई दे रहा था। सत्ता और संगठन के बीच तालमेल का पूरी तरह अभाव था। इसे दूर करने का प्रयास केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से किया गया है। आगे कई समीकरण और बदलेंगे, ऐसी चर्चा है।

Exit mobile version