MP: इंदौर में बड़ा खेला, कांग्रेस प्रत्याशी ने नाम वापस लिया
भाजपा में शामिल हुए अक्षय बम, मंत्री विजयवर्गीय के साथ कलेक्ट्रेट गए थे


इंदौर। इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने सोमवार को नामांकन वापस ले लिया। अक्षय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के साथ फॉर्म वापस लेने कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा भी जॉइन कर ली। मंत्री विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि इंदौर से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अक्षय कांति बम का भाजपा में स्वागत है।
सूत्रों के अनुसार मंत्री विजयवर्गीय ने हाईकमान को भरोसे में लेकर एक होटल में इसकी प्लानिंग की। अक्षय ने नाम वापसी पर अनहोनी की आशंका जताई। कहा कि कांग्रेसी बवाल कर देंगे। इसके बाद प्लान में भाजपा विधायक रमेश मेंदोला की भी एंट्री कराई गई। अक्षय को फॉर्म वापस लेने भी मेंदोला के साथ भेजा, विजयवर्गीय खुद बाहर डटे रहे। इसके साथ ही अक्षय कांति बम के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सूरत की तरह पूरा मैदान करा सकती है खाल
भाजपा इसे सूरत की तरह क्लिन स्वीप के प्लान पर काम कर रही है। कांग्रेस के बाद बचे हुए सभी अन्य उम्मीदवारों की भी नाम वापसी हो सकती है। यदि ऐसा हुआ तो सूरत के बाद इंदौर दूसरा शहर होगा, जहां भाजपा निर्विरोध जीत सकती है। बता दें कि कुल 23 उम्मीदवार मैदान में थे। नाम वापसी दोपहर 3 बजे तक चलेगी।
अब तक तीन उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए
इंदौर में अब अलग-अलग पार्टियों और निर्दलीय 23 उम्मीदवार मैदान में थे। सोमवार की दोपहर एक बजे तक अक्षय कांति बम समेत तीन प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया है। नाम वापसी दोपहर 3 बजे तक चलेगी। अब भाजपा के अलावा मैदान में अभी भी 19 प्रत्याशी मैदान में बचे हुए हैं। इन पर सबकी नजर है।
4 दिन पहले प्राणघातक हमले की धारा लगी थी अक्षय पर
अक्षय कांति बम पर 3 अलग-अलग केस चल रहे हैं। चुनाव के बीच उनके खिलाफ 17 साल पुराना एक मामला फिर चर्चा में आया, जिसमें उनके खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) बढ़ा दी गई थी।
परिवार की संपत्ति कुल मिलाकर 78 करोड़ के करीब
अक्षय की व्यक्तिगत रूप से चल संपत्ति साढ़े 8 करोड़ रुपए की है। इनमें शेयर आदि भी शामिल हैं। अचल संपत्ति में जमीनें हैं, जिनकी बाजार कीमत 47 करोड़ रुपए है। साढ़े 6 करोड़ रुपए की विरासत भी है। अक्षय के नाम पर 56 करोड़ रुपए जबकि पत्नी व बच्चों के नाम पर लगभग 22 करोड़ रुपए की संपत्ति है। कुल संपत्ति 78 करोड़ रुपए के आसपास है।
अक्षय बम के घर पुलिस तैनात
कांग्रेस छोडक़र भाजपा में आए अक्षय बम के निवास पर पुलिस तैनात हो गई है। पुलिस को आशंका है कि कांग्रेस कार्यकर्ता बम के निवास पर प्रदर्शन कर सकते हैं। इस दौरान तोडफ़ोड़ न हो, इसलिए पुलिस तैनात की गई है।
कांग्रेस के पास नहीं बचा कोई विकल्प
जब बम ने नाम वापस लिया तो कांग्रेस को उम्मीद थी कि अब दूसरे उम्मीदवार मोतीसिंह पटेल का फॉर्म जमा करवा दें लेकिन तभी दूसरा झटका लगा और मोतीसिंह का भी फॉर्म निरस्त हो गया। इसके बाद से अब भाजपा के उम्मीदवार शंकर लालवानी के सामने कांग्रेस का कोई भी प्रत्याशी नहीं बचा है। बताया जाता है कि इस संबंध में कांग्रेस ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को पहले ही बताया था कि इंदौर सीट में गड़बड़ी हो सकती है लेकिन वो विकल्प नहीं तलाश पाए।

img 20240429 1431187593749591599036329
MP: इंदौर में बड़ा खेला, कांग्रेस प्रत्याशी ने नाम वापस लिया
भाजपा में शामिल हुए अक्षय बम, मंत्री विजयवर्गीय के साथ कलेक्ट्रेट गए थे 3

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles