कटनी। भाजपा विधायक संजय पाठक द्वारा हाईकोर्ट के जज को फोन कर संपर्क करने की कोशिश का मामला डिवीजन बेंच में पहुंच गया है। विधायक पाठक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए दाखिल याचिका पर मंगलवार को चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच में सुनवाई हुई। बेंच ने मामले
पर 26 मार्च को विचार करने कहा है।
कटनी के आशुतोष दीक्षित की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि पाठक परिवार से जुड़ी खदानों के मामले में जस्टिस विशाल मिश्रा की अदालत में सुनवाई होना थी। 1 सितंबर 2025 को जस्टिस मिश्रा ने खुद इस बात का खुलासा किया था कि विधायक संजय पाठक ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की थी। जस्टिस मिश्रा ने याचिका की सुनवाई से खुद को अलग करके मामला प्रशासनिक स्तर पर चीफ जस्टिस को भेजने को कहा था।
शिकायत पर कार्रवाई नहीं
याचिकाकर्ता का आरोप है कि उसने भी इस मामले को लेकर एक शिकायत दी थी, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विधायक पर कार्रवाई किए जाने की प्रार्थना करते हुए यह याचिका डिवीजन बेंच में दाखिल की गई। मामले पर मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता अरविन्द श्रीवास्तव, पुनीत श्रोती व राज्य सरकार की ओर से उप महाधिवक्ता स्वप्निल गांगुली हाजिर हुए। बेंच ने इस याचिका पर 26 मार्च को सुनवाई करने के निर्देश दिए।
MP : MLA पाठक द्वारा जज से संपर्क करने की कोशिश का मामला डबल बेंच में पहुंचा, अब 26 को सुनवाई
