MP Loksabha Election: क्या खंडवा में होगा बड़ा खेला…?

भोपाल। खजुराहो और इंदौर में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रत्याशियों के चुनावी मैदान से दूर होने की वजह से मुकाबला एकतरफा जैसा हो गया है. अब खंडवा में भी इसी तरह के आसार नजर आ रहे हैं. लेकिन खंडवा में कांग्रेस नहीं, बल्कि बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं।

मध्य प्रदेश के खंडवा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल को लेकर केंद्रीय और प्रदेश स्तरीय चुनाव आयोग को कांग्रेस ने शिकायत दर्ज़ कर उनका नामांकन रद्द करने की मांग की है।
कांग्रेस ने लगाया ये आरोप
कांग्रेस ने आरोप लगाए हैं कि सहकारिता न्यायालय ने एक पॉवरलूम सोसायटी में गंभीर आर्थिक अनियमितता का दोषी पाते हुए ज्ञानेश्वर पाटिल को मार्च 2020 में न केवल अध्यक्ष, बल्कि संचालक पद से भी हटाने के आदेश पारित किये थे. अब पाटिल पर आरोप है कि उन्होंने अपने नामांकन पत्र में इस मामले को उल्लेखित नहीं किया।

जांच के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
यह शिकायत स्थानीय कांग्रेस नेता लव जोशी ने की है. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वर पाटिल के ऊपर आर्थिक अपराध दर्ज करने का आदेश जारी किया गया था. उस आदेश की कॉपी हमारे पास है, भाजपा प्रत्याशी द्वारा जो नामांकन पत्र भरा गया है, उसके पेज क्रमांक 5 और 6 में दोष सिद्धि के जो मामले हैं, उसकी जानकारी उन्होंने भ्रामक रूप से भरी है.  जोशी ने कहा कि उनके द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष 24 अप्रैल को ही यह शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के दौरान इस पर कार्रवाई नहीं की गई।

मतदाताओं के साथ धोखाधड़ी की जा रही- कांग्रेस
शिकायतकर्ता लव जोशी कहना है कि भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल द्वारा नामंकन पत्र में भरी गई जानकारी में लागू नहीं होता भरा गया है. उन्होंने खुलेआम धोखाधड़ी करके महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई है. इस तरह की जानकारी छिपाने से मतदाताओं के साथ भी धोखाधड़ी की जा रही है. जो प्रत्याशी चुनाव आयोग के साथ ही धोखाधड़ी कर रहा है, वह जनता के साथ क्या वफादारी निभाएगा ? जोशी ने सहकारिता आयुक्त के उस आदेश की प्रति भी सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसमें ज्ञानेश्वर पाटिल को आर्थिक अपराध का दोषी ठहराया गया है।

इधर प्रशासन और निर्वाचन अधिकारी इस मामले में कोई भी टिप्पणी करने से बच रहे हैं. इस बात को लेकर भाजपा का सिर्फ यही कहना है कि यह आदेश मार्च 2020 का है, जबकि इसके बाद  ज्ञानेश्वर पाटिल लोकसभा उपचुनाव 2022 में भी भाजपा से प्रत्याशी बनकर निर्वाचित हुए थे. तब किसी ने यह आपत्ति नहीं लगायी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles