MP : नेता प्रतिपक्ष बोले-परिवहन विभाग में जन्म ले चुका नया सौरभ, उमंग सिंघार ने पूछा-मंत्री स्टाफ में तिवारी की ऑफिशियल पोस्टिंग है क्या?

भोपाल। एमपी का परिवहन विभाग एक बार फिर चर्चा में है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के स्टाफ में पदस्थ वीरेन्द्र तिवारी पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष ने X पर मंत्री के स्टाफ में पदस्थ वीरेन्द्र तिवारी और रिटायर्ड आरटीआई बघेल की फोटो शेयर की है।

परिवहन विभाग में लिखी जा रही घोटाले की नई पटकथा
उमंग सिंघार ने आगे लिखा- मध्यप्रदेश परिवहन विभाग का नया सौरभ शर्मा। मध्यप्रदेश के परिवहन विभाग में एक और पोस्टिंग और वसूली घोटाले की पटकथा लिखी जा रही है।
रिटायर्ड आरटीआई नाकों से वसूली का जाल बिछा रहा
नेता प्रतिपक्ष ने आगे लिखा- बघेल नाम का एक रिटायर्ड आरटीआई पूरे प्रदेश में पोस्टिंग के नाम पर बोली और नाकों की वसूली का जाल बिछा रहा है और सरकार खामोश है। भ्रष्टाचार की सड़क पर तेज रफ़्तार से दौड़ रहा है परिवहन विभाग। लगता है, अब भ्रष्टाचार परिवहन विभाग की कार्य संस्कृति बन चुका है, जहां योग्यता नहीं, जेब की गहराई तय करती है पोस्टिंग।

screenshot 20251101 1515238353668165475112997

सिंघार ने लिखा- भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार अब विभागों में नए दलाल पैदा कर रही है। परिवहन विभाग के भ्रष्टाचार की गाड़ी बिना ब्रेक के दौड़ रही है और सरकार सिर्फ ड्राइवर बदलने में लगी है। मध्यप्रदेश में अब सिस्टम नहीं, सौदेबाजी चल रही है।

मंत्री का जवाब- बिना तथ्यों की बातें न करें
नेता प्रतिपक्ष के आरोपों पर परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने भास्कर से कहा- मैंने हमेशा नेता प्रतिपक्ष से विधानसभा के अंदर और बाहर आग्रह किया है और आज भी कह रहा हूं कि जिम्मेदार राजनेता को तथ्यों के बिना स्टेटमेंट नहीं देना चाहिए।

आप किसी के बारे में इस तरह से आरोप लगाएंगे, कीचड़ उछालेंगे तो कीचड़ आप पर ही आएगा। वो मुझे लंबे समय से जानते हैं। मेरी राजनीति का आधार शुचिता और नैतिक मूल्यों पर टिका है। सिंघार जी पहले तथ्यों की जानकारी लें, फिर बात करें।
तथ्यहीन और मनगढ़ंत बातें करना उचित नहीं है। यदि आपके पास कोई चीज है तो न्यायालय भी सबूतों के बिना आगे नहीं बढ़ता। सार्वजनिक जीवन में अगर हम चुनौती दे रहे हैं तो तथ्यों के साथ चुनौती दें।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles