MP : प्रदेश कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर, विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक संपन्न

भोपाल।आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आहूत की गई, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने, जनसंपर्क को मजबूत करने एवं आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस महत्वपूर्ण बैठक में  इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, CEC सदस्य ओमकार मरकाम, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, राष्ट्रीय सचिवगण संजय दत्त, चंदन यादव, रणविजय सिंह लोचव, सांसद श्रीमती संजना जाटव, श्रीमती उषा नायडू, सत्यनारायण पटेल,  संगठन महामंत्री संजय कामले, पूर्व मंत्रीगण सज्जन सिंह वर्मा, शबाला बच्चन, लखन घनघोरिया, विजयलक्ष्मी साधौ, वरिष्ठ विधायक फूलसिंह बरैया, मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी, महिला काग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रीना बौरासी, सेवादल संगठक अवनीश भार्गव, NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित मध्य प्रदेश के समस्त सह प्रभारी, एआईसीसी के समस्त सचिवगण, विधायकगण, पूर्व प्रत्याशी, प्रदेश के समस्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश सचिव एवं जॉइंट सेक्रेटरी और समस्त विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।


प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि आज की बैठक में सर्वसम्मति से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के दो वर्ष के कार्यकाल की सराहना की गई। बैठक में मास कनेक्ट प्रोग्राम तथा पंचायत एवं वार्ड कमेटियों के गठन को लेकर गंभीर एवं व्यापक चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही है और इसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा पर महात्मा गांधी जी के विचारों एवं भारतीय संविधान की मूल भावना के विपरीत कार्य करने का आरोप लगाया।

प्रदेश प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस संगठन वर्ष 2026 में प्रदेश स्तर से लेकर ग्राम एवं वार्ड स्तर तक पूरी क्षमता, मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ सक्रिय रहकर जनहित के मुद्दों को पूरी ताकत से उठाएगा।

आमजन से सीधे संवाद स्थापित करेंगे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी ने कहा कि नए वर्ष की शुरुआत में 1 जनवरी 2026 से लेकर 15 फरवरी 2026 तक प्रदेश के सभी जिलों में पंचायत कमेटी, वार्ड कमेटी एवं मंडल स्तर तक संगठन का नए सिरे से गठन पूर्ण कर लिया जाएगा। यह अभियान संगठनात्मक मजबूती एवं आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम होगा।

उन्होंने कहा कि यह प्रदेश कांग्रेस के इतिहास में पहली बार हुआ है, जब एक साथ 71 जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी तरह संगठनात्मक प्रक्रिया के माध्यम से की गई है। इसी प्रकार, समस्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति भी एक साथ एवं पारदर्शी संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत की गई, जिससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और संगठन में विश्वास बढ़ा है।

श्री पटवारी जी ने 2023 के विधानसभा चुनावों पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जिन विधानसभा सीटों पर भाजपा एक लाख, पचास हजार अथवा चालीस हजार मतों से विजयी घोषित हुई, उन्हीं सीटों पर एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जितने वोट काटे गए हैं, उनकी संख्या जीत के अंतर से कहीं अधिक है।

उन्होंने बताया कि ऐसा लगभग 60 विधानसभा सीटों पर देखने को मिला है, जो यह स्पष्ट करता है कि 2023 का चुनाव भाजपा ने वोट चोरी के माध्यम से जीता है।

श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता बीएलए के साथ मिलकर मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य पूरी ईमानदारी, दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ करेगा, ताकि जहां-जहां मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं, वहां न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने आगे कहा कि जनसंपर्क को मजबूत करने, मताधिकार की रक्षा करने, संगठन को सशक्त बनाने तथा भाजपा के कुशासन के अंत के लिए कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में “गांव चलो – बूथ चलो” अभियान चलाएगी। यह अभियान प्रदेश के प्रत्येक गांव और प्रत्येक बूथ तक कांग्रेस की विचारधारा, संघर्ष और जनहित के मुद्दों को पहुंचाने का कार्य करेगा।

इस पूरे अभियान की रणनीति एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश प्रभारी आदरणीय श्री हरीश चौधरी जी के नेतृत्व में प्रदेश स्तरीय एवं संभाग स्तरीय समितियों का गठन आगामी दो से तीन दिनों में कर दिया जाएगा। ये समितियां अभियान की योजना, निगरानी एवं जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की पूरी जिम्मेदारी निभाएंगी।

Exit mobile version