MP : दिग्विजय सिंह ने दिया था कांग्रेस में आने का ऑफर, सागर में गोपाल भार्गव बोले-मैंने कहा राजा साहब मैं टिकाऊ हूं बिकाऊ नहीं

सागर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंत्री और रहली से वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव का एक बार फिर बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने सोमवार को दिए अपने बयान में कांग्रेस से ऑफर आने की बात कही है। रहली में विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंच को संबोधित करते हुए गोपाल भार्गव ने अपने राजनीतिक सफर, पार्टी के प्रति निष्ठा और वर्तमान परिस्थितियों को लेकर खुलकर बात की। संबोधन में पूर्वमंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि राजनीति में उपेक्षा किसी भी व्यक्ति को भीतर से तोड़ देती है। अगर किसी व्यक्ति की बात सरकार नहीं सुनती तो उसका मन टूट जाता है।

20 साल मन बांधा, कांग्रेस में जाने का ऑफर था
संघर्ष करता रहे, जूझता रहता रहे, अपनी मांगें रखता रहे। लेकिन सरकार नहीं माने तो शायद कोई भी आदमी होगा तो उसका हौंसला टूट जाएगा। उसकी ताकत खत्म हो जाएगी। मन गिर जाएगा। लेकिन मैंने 20 साल मन को बांधे रखा। कई मंत्री, मुख्यमत्री कहते थे। दिग्विजय सिंह कहते थे गोपालजी वहां क्या रखा है बीजेपी में? कुछ नहीं है। आप हमारे पास आ जाओ, मैं आपको अच्छे विभाग का मंत्री बना दूंगा। लेकिन मैंने कहा कि राजा साहब एक बात कहता हूं, ये माल टिकाऊ है बिकाऊ नहीं है।
मैं 20 साल रहा, लोग तो यहां 20 महीने में पलटी मार जाते हैं। लेकिन हमने कोशिश की। जब हमारी सरकार आएगी तो हम अपने क्षेत्र का विकास करवा लेंगे। जनता ने भी मेरा पूरा साथ दिया। जनता के साथ से आज विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
9 बार के विधायक हैं भार्गव
पूर्वमंत्री भार्गव का बयान वर्तमान राजनीतिक हालात और संगठन के भीतर की स्थिति की ओर इशारा करता है। उल्लेखनीय है कि गोपाल भार्गव सागर जिले की रहली विधानसभा से 9 बार विधायक चुने जा चुके हैं। भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में उनकी गिनती होती है। वे पूर्व में लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ को देखते हुए उन्हें हमेशा पार्टी का मजबूत स्तंभ माना गया है।

Exit mobile version