MP : सीएम मोहन यादव ने कहा- दिग्विजय सिंह का बीजेपी में स्वागत है.., दिग्गी की ना…

भोपाल। मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को बीजेपी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया है। वहीं, पूर्व सीएम दिग्गी ने इसे ठुकरा दिया। यह घटना उस दौरान हुई, जब दिग्विजय सिंह के आरएसएस की तारीफ वाले पोस्ट से सियासी बवाल मचा हुआ है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर शेयर की। इस पोस्ट ने मध्य प्रदेश की सियासी हलचल को बढ़ा दिया है। साथ ही, कांग्रेस के अंदर इस पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस बयान का समर्थन किया। इस बयान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दिग्विजय का BJP में स्वागत है- सीएम
इसी सियासी माहौल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिग्विजय सिंह की तारीफ की। एक न्यूज चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह को भी बधाई। आइए, भाजपा में आपका स्वागत है। सीएम ने यह बयान इंदौर में दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन इतना मजबूत है कि उसकी सराहना की जानी चाहिए।
ये खबर भी पढ़िए…MP News: दिग्विजय पर बरसीं निधि चतुर्वेदी: RSS प्रेम वैचारिक दोगलापन
दिग्विजय सिंह ने ठुकराया प्रस्ताव
हालांकि, जब भोपाल में दिग्विजय सिंह से इस प्रस्ताव पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, अरे छोड़िए। इसके बाद वे आगे बढ़ गए। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद जब दिग्विजय भोपाल लौटे, तो उनसे फिर पूछा गया। उन्होंने इस प्रस्ताव को सिरे से नकार दिया। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि यह टिप्पणी मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रस्ताव को ठुकराने के तौर पर देखी जा रही है।
दिग्गी की पोस्ट पर हुई राजनीतिक बहस
शनिवार, 27 दिसंबर को दिग्विजय सिंह ने एक्स (X) पर एक पुरानी तस्वीर शेयर की। तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी थे। तस्वीर में मोदी नीचे बैठे हैं और आडवाणी पीछे कुर्सी पर हैं। दिग्विजय ने पोस्ट में लिखा कि यह चित्र बहुत प्रभावशाली है। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि कैसे आरएसएस के स्वयंसेवक और जनसंघ के कार्यकर्ता भाजपा के नेता बने। दिग्विजय ने यह भी लिखा कि यह संगठन की शक्ति है। जय सियाराम।



