MP: छिंदवाड़ा सांसद के बोल-सत्ता को देखकर लोग BJP में आना चाह रहे, हमें ऐसे लोगों की जरूरत नहीं

छिंदवाडा। छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आने के इच्छुक नेताओं पर बयान दिया है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा में 50 प्रतिशत वालों की जगह नहीं है। अब दिल्ली में भी हमारी सरकार बन गई है। सत्ता को देख लोग चिट्‌ठी लिखवा रहे हैं। ऐसे लोगों को लेकर मेरा विरोध है। हमें ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है। पार्टी में सिर्फ 100 परसेंट भाजपाई की चलेगी।’ साहू ने यह बात रविवार को छिंदवाड़ा के सौंसर में कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। वीडियो सोमवार को सामने आया है।
छिंदवाड़ा सांसद ने कहा, ‘विधानसभा और लोकसभा चुनाव से पहले लोग सब कुछ छोड़कर भाजपा में आए, उस समय जीत भी पक्की नहीं थी। फिर भी वे आए। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। उनके मान-सम्मान की जिम्मेदारी हमारी है, लेकिन अब हम जीत गए।

दिल्ली में हमारी सरकार बन गई। दिख रहा है कि सब कुछ खत्म हो गया है। सत्ता को देख लोग पार्टी में आना चाह रहे हैं। अब चिट्‌टी-चिट्‌ठी चल रही है। चिट्‌ठी लिखवाने का काम कर रहे हैं। आखिर, पहले क्यों नहीं आए? मेरा विरोध है ऐसे लोगों से, जो सिर्फ सत्ता के कारण आना चाह रहे हैं।

हमारे छोटे कार्यकर्ताओं ने लंबा संघर्ष किया
साहू ने आगे कहा- हमारे छोटे कार्यकर्ताओं ने लंबा संघर्ष किया है। अब सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं की चलनी चाहिए। हमें ऐसे लोगों को पहचानने की आवश्यकता है। जो रहते तो हमारे साथ हैं, लेकिन पार्टनरशिप कांग्रेस के साथ है। ये 50 प्रतिशत की पार्टनरशिप नहीं चलने वाली। जिसे रहना है, तो 100 प्रतिशत भाजपा में रहे। 50 परसेंट रहना है, तो कांग्रेस में जाए।’

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles