Modi – Rahul : पहले मुस्कुराए, फिर हाथ जोड़ लिए, पीएम मोदी और राहुल गांधी यूं मिले और बात की…

नई दिल्ली। केरल, बंगाल, असम समेत 5 राज्यों में चुनावी घमासान को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। ऐसे में शनिवार सुबह-सुबह भारतीय राजनीति की बेहद खास तस्वीर सामने आई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अचानक ही आमने-सामने आ गए। इस दौरान राहुल गांधी ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। पीएम मोदी ने भी हाथ जोड़कर उनके अभिवादन को स्वीकार किया। यही नहीं दोनों ही नेताओं के बीच फिर काफी देर तक बातचीत होती रही।
हाथ जोड़कर स्वागत, फिर काफी देर तक बातचीत
आप सोच रहे होंगे कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो पीएम मोदी और राहुल गांधी की ये मुलाकात हुई तो चलिए हम बताते हैं। आज महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती है। इस मौके पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर खास आयोजन रखा गया। इसी मौके पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद और लोकसभा स्पीकर समेत सियासी दिग्गज पहुंचे थे। इसी समारोह में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की मुलाकात हुई।
महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती, पीएम मोदी ने दी पुष्पांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए संसद परिसर स्थित ‘प्रेरणा स्थल’ पहुंचे। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा के पूर्व उपसभापति हरिवंश और अन्य सियासी दिग्गज भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर क्या कहा
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘महान समाज सुधारक महात्मा फुले के 200वीं जयंती वर्ष के समारोहों का आरंभ हो रहा है। उन्होंने अपना पूरा जीवन शिक्षा, ज्ञान और जन कल्याण को समर्पित कर दिया। वे महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की वकालत करने में अग्रणी थे। उनके विचार सामाजिक प्रगति की दिशा में सभी का मार्गदर्शन करते रहें।’ उन्होंने कहा कि फुले के प्रयासों से शिक्षा सशक्तीकरण का एक शक्तिशाली माध्यम बनी।
पीएम मोदी और राहुल गांधी के बीच क्या हुई बात?
संसद परिसर में जैसे ही पीएम मोदी पहुंचे तो राहुल गांधी, जेपी नड्डा समेत तमाम नेताओं ने हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने भी उसी अंदाज में हाथ जोड़कर उनके अभिवादन को स्वीकार किया। इसके बाद पीएम मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच काफी देर बात भी हुई। सवाल ये है कि अभी चुनावी घमासान चल रहा तो ऐसे में उनके किस मुद्दे पर बात हुई होगी ये स्पष्ट नहीं है। हां, जिस तरह से उनके बीच बातचीत का वीडियो सामने आया है उसमें दोनों ही नेता बेहद गंभीर चर्चा में जुटे नजर आए।

Exit mobile version