Bhopal : नीचे बैठे दिग्विजय सिंह को हाथ पकड़कर मंच पर ले गए ज्योतिरादित्य सिंधिया, सियासी अटकलें तेज

भोपाल। एक वीडियो सामने आने के बाद एमपी की सियासत में अटकलों का दौर शुरू हो गया है। ऐसी तस्वीर लोगों को करीब पांच साल बाद देखने को मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का हाथ पकड़कर ज्योतिरादित्य सिंधिया ले जाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अटकलों का बाजार गरम हो गया है।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल स्थित एक निजी स्कूल के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे। यह स्कूल भोपाल के रतीबड़ इलाके में है। कार्यक्रम में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी अपनी पत्नी के साथ मौजूद थे। वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मंच पर बैठे हुए थे। तभी उनकी नजर सामने की ओर कुर्सी पर पड़ी, जहां दिग्विजय सिंह बैठे हुए थे। ज्योतिरादित्य सिंधिया मंच से नीचे उतरते हैं और दिग्विजय सिंह की ओर बढ़ते हैं।

दिग्विजय सिंह के पास पहुंचने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया पहले हाथ जोड़कर उनका अभिवादन करते हैं। इसके बाद हाथ पकड़कर उन्हें मंच पर ले जाते हैं। इस पल को देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। कार्यक्रम में मौजूद मीडियाकर्मियों के कैमरे उनकी ओर घूम जाते हैं।

पांच साल बाद दिखा ऐसा नजारा
एमपी की राजनीति में पांच साल बाद ऐसा नजारा दिखा है। जब ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह साथ दिखे हो। मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 22 विधायक भी चले गए थे और कमलनाथ की सरकार गिर गई थी। उस समय दिग्विजय सिंह खुलकर ज्योतिरादित्य सिंधिया पर वार कर रहे थे। ग्वालियर-चंबल में चुनाव की कमान भी उनके बेटे जयवर्धन सिंह को थी। ज्योतिरादित्य सिंधिया भी खुलकर उन पर वार करते रहे हैं। लेकिन आज आई तस्वीर सियासत की सुखद तस्वीर मानी जा रही है।

ग्वालियर चंबल में असहज हैं सिंधिया
दरअसल, इस प्यार को लेकर कई तरह की सियासी अटकलें हैं। ग्वालियर-चंबल इलाके में इन दिनों ज्योतिरादित्य सिंधिया असहज महसूस कर रहे हैं। बीते दिनों इशारों-इशारों में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बिना नाम लिए उन पर हमला भी किया था। कुछ नेता क्रेडिट लेने में लगे हैं कि हमने करवाया हैं। वहीं, सिंधिया भी अब ग्वालियर से दूर रहते हैं और अपने संसदीय क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान देते हैं।
गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया महाराज हैं और दिग्विजय सिंह राजा साहब हैं। राघौगढ़ कभी सिंधिया के साम्राज्य के अंतर्गत ही आता था। दिग्विजय सिंह ग्वालियर राज के जागीरदार रहे हैं। हालांकि राजनीति में दोंनों परिवार की अदावत शुरू से रही है।

screenshot 20250808 2107598901326770245113046
screenshot 20250808 210754949274814761644477

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles