MP : पत्रकारों पर बढ़ते हमले लोकतंत्र के लिए खतरा: संगीता शर्मा

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता संगीता शर्मा ने राज्य में पत्रकारों पर हो रहे हमलों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा है कि भोपाल में एक पत्रकार के साथ पुलिस की बर्बर कार्रवाई निंदनीय और शर्मनाक है। इस घटना ने प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुश्री शर्मा ने भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल की सराहना करते हुए कहा कि, सरकार की नीतियों से असहमत होकर अपनी ही पार्टी के खिलाफ खड़ा होना एक साहसिक कदम है, जो यह साबित करता है कि भाजपा सरकार प्रेस की स्वतंत्रता को दबाने में लगी है।

पत्रकारों पर हमले में श्री नड्डा और श्री शर्मा चुप क्यों ?
कांग्रेस प्रवक्ता सुश्री संगीता शर्मा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से सवाल किया, आप तो मध्यप्रदेश के दामाद हैं, लेकिन प्रदेश में पत्रकारों पर हो रहे सरकारी हमलों पर आपकी चुप्पी क्यों? क्या भाजपा सरकार सच का गला घोंटकर तानाशाही की राह पर चल रही है ? इसके साथ ही उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा से भी अपील की कि वे उज्जैन में पत्रकारों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर हो रहे अत्याचारों का संज्ञान लें। उन्होंने कहा कि उज्जैन में पत्रकारों और नेताओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।

भाजपा सरकार पत्रकारों को दबाने की बजाय जवाबदेह बने
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुश्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पत्रकारों के अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यह हमले बंद नहीं हुए तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक सरकार का कर्तव्य होता है कि वह चौथे स्तंभ की रक्षा करे, न कि उसे डराने-धमकाने की कोशिश करे। भाजपा सरकार को यह समझना होगा कि सच को दबाने से सरकारें नहीं बचतीं, बल्कि और तेजी से गिरती हैं।

Exit mobile version