सागर। पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के चुनावी मंच पर मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष भाजपा का दुपट्टा डालकर भाजपा में आने का ऐलान करने वाली बीना विधायक निर्मला सप्रे एक बार फिर चर्चा में हैं।
सागर भाजपा के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने मंडल कार्यसमितियों की घोषणा की है। बीना नगर मंडल की कार्यसमिति में बीना से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बनीं निर्मला सप्रे को स्थाई आमंत्रित सदस्य बना दिया।
कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी और बीना नगर मंडल के अध्यक्ष राजेन्द्र उपाध्याय के दस्तखत से जारी की गई मंडल कार्यसमिति का पत्र ट्वीट कर सवाल उठाए हैं।
जिलाध्यक्ष बोले- मिस्टेक हो गई थी…
बीना विधायक निर्मला सप्रे को बीजेपी की मंडल कार्यसमिति में स्थाई आमंत्रित सदस्य बनाने को लेकर सागर के भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का कहना है कि बीना विधायक को सदस्य नहीं बनाया, मिस्टेक से नाम आ गया होगा, उसमें सुधार करके, नई सूची आ गई है।