Bihar : निशांत कुमार की होगी राजनीति में एंट्री ? कौन हैं सियासत से दूर रहने वाले नीतीश के बेटे?

पटना। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच उनके इकलौते बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री लेने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. निशांत कुमार अब तक सत्ता की चकाचौंध से दूर एक शांत और लो-प्रोफाइल जीवन जीते रहे हैं. लेकिन बिहार की बदलती सियासत जल्द ही उनके डिप्टी सीएम के रूप में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने के संकेत दे रही है.
निशांत कुमार एक पढ़े-लिखे और गंभीर व्यक्तित्व वाले शख्स माने जाते हैं. अपनी पिता की तरह वो भी पेशे से एक इंजीनियर हैं. उन्होंने रांची के प्रतिष्ठित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) मेसरा से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है.
जेडीयू नेता ने बताया था निशांत कुमार को ‘दूरदर्शी’
जून 2025 में जेडीयू के महासचिव परम हंस कुमार ने भी निशांत कुमार को सियासत में शामिल होने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा था कि मौजूदा हालात को देखते हुए निशांत कुमार को पार्टी और राज्य की बेहतरी के लिए आगे आना चाहिए.
परम हंस कुमार ने कहा था, ‘निशांत जी एक बहुत ही शांत और दूरदर्शी नेता साबित हो सकते हैं. हमने जितना देखा और सुना है, उससे लगता है कि वो बहुत ही विनम्र हैं और एक प्रभावी युवा नेता बन सकते हैं.’
राज्यसभा जाने की तैयारी में नीतीश कुमार
खबर है कि नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की तैयारी कर रहे हैं. संविधान के मुताबिक, एक व्यक्ति दो सदनों का सदस्य नहीं रह सकता. इसीलिए नीतीश कुमार को राज्यसभा जाने के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा. जेडीयू सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार राज्यसभा सीट के कल नामांकन करेंगे. 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव होने तक वो बिहार के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।





