PM Modi बोले- जहां-जहां कांग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया, मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी..भोपाल के कार्यकर्ता महाकुंभ में गरजे प्रधानमंत्री
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जंबूरी मैदान में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। जहां-जहां कांग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया।’ 2013 से भाजपा हर 5 साल में जंबूरी मैदान पर कार्यकर्ता महाकुंभ कर रही है। यह जन सैलाब, उमंग, उत्साह, महाकुंभ, महासंकल्प, बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है? यह दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा। यह दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला।
मोदी ने कहा, मेरे परिवारजनों, मध्यप्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जन संघ के जमाने से लेकर आज तक भाजपा को एमपी के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया है। अटल जी, कुशाभाऊ ठाकरे, कैलाश जोशी, प्यारेलाल खंडेलवाल, राजमाता विजयराजे सिंधिया, सुंदरलाल पटवा, वीरेंद्र सकलेचा.. एमपी से निकले ऐसे अनेक महान व्यक्तित्व ने हमें आज यहां तक पहुंचाया है। इनका ताप और त्याग भाजपा के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है।
मध्यप्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का ही नहीं, विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। आज जब देश अमृतकाल की नई विकास यात्रा पर निकला है, तब मध्यप्रदेश की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गइ है। एमपी में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, बुराइयां देखी नहीं हैं।
युवाओं ने चारों तरफ से विकास करता मध्यप्रदेश ही देखा है। मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी गेहूं उत्पादक राज्य के रूप में देखा है। शिक्षा के उभरत केंद्र के रूप में देखा है, इसीलिए आने वाले चुनाव बहुत अहम हैं। हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, उस विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं, भटके नहीं और अटके भी नहीं।मैं आपसे एक सवाल पूछता हूं। मैं कहता हूं कि जहां-जहां कांग्रेस गई है, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। क्या आपको लगता है कि मध्यप्रदेश का भी यही हाल करेंगे। मध्यप्रदेश को बचाना चाहिए कि नहीं, कांग्रेस के हाथ नहीं जाने देना चाहिए न, लूटने और तबाही नहीं करनी देनी चाहिए न…। कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। क्या आप एमपी को फिर से बीमारू बनाना चाहते हो?
मोदी जी भारत को भगवान का वरदान : शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘मोदी जी भारत को भगवान का वरदान हैं। PM मोदी के हाथ हम भव्य और दिव्य भारत का सपना साकार होते हुए देखेंगे।’ ‘कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। यह कलंक हमने मिटा दिया। डबल इंजन की सरकार ने MP को तेजी से आगे बढ़ाया है।’19 महीने के लिए कांग्रेस आई। कमलनाथ ने PM आवास के मकान लौटाकर गरीबों के मकान नहीं बनने दिए। PM जल – जीवन मिशन भी शुरू नहीं किया।’