Editorial
टाइम मैगजीन में प्रभावशाली भारतीय


टाइम मैगजीन ने अभी साल 2024 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की जो सूची जारी की है, उसमें बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट, विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला, पहलवान साक्षी मलिक और भारतीय मूल के ब्रिटिश अभिनेता देव पटेल ने जगह बनाई है। टाइम मैगजीन की सूची में शामिल पहलवान साक्षी मलिक भारत की एकमात्र महिला ओलंपिक पदक विजेता हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा 2024 का टाइम 100 सूची में शामिल होने पर गर्व है।
टाइम के वर्ष 2024 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में अमेरिकी ऊर्जा विभाग के ऋण कार्यक्रम कार्यालय के निदेशक जिगर शाह, येल विश्वविद्यालय में खगोल विज्ञान और भौतिकी की प्रोफेसर प्रियंवदा नटराजन, भारतीय मूल की रेस्तरां मालकिन अस्मा खान एवं रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की विधवा यूलिया नवेलनाया भी शामिल हैं। अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन द्वारा टाइम पत्रिका में लिखी गई पूर्व मास्टरकार्ड सीईओ की ‘प्रोफ़ाइल’ में कहा गया है कि एक आवश्यक संस्थान को बदलने के महत्वपूर्ण कार्य के लिए कौशल और जिजीविषा वाले एक नेता को ढूंढना आसान नहीं होता है, लेकिन गत वर्ष जून में विश्व बैंक का अध्यक्ष बनने के बाद से अजय बंगा ने दोनों का अद्भुत मिश्रण पेश किया है।
अमेरिका की वित्त मंत्री येलेन ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी अभूतपूर्व चुनौतियों से हमारे सामूहिक भविष्य को खतरा है, मैं इससे बेहतर साझेदार की कल्पना नहीं कर सकती जिसके साथ दुनिया भर के लोगों की ओर से निर्णायक कार्रवाई की जा सके। निर्देशक, निर्माता और लेखक टॉम हार्पर ने आलिया भट्ट को एक अद्भुत प्रतिभा बताते हुए टाइम प्रोफ़ाइल में कहा कि वह ‘‘न केवल दुनिया की अग्रणी अभिनेत्रियों में से एक हैं, जो एक दशक से अधिक समय से भारतीय फिल्म उद्योग में अपने काम के लिए प्रशंसित हैं, बल्कि वह एक व्यवसायी महिला और परोपकारी भी हैं, जो ईमानदारी के साथ आगे बढ़ती हैं।
नडेला के बारे में कहा गया है कि वह हमारे भविष्य को आकार देने में बेहद प्रभावशाली हैं और यह मानवता के लिए अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट का ‘ओपनएआई’ में निवेश और ‘मिस्त्रल एआई’ के साथ समझौते ने सत्या नडाल को कृत्रिम मेधा (एआई) क्रांति में अग्रणी बना दिया है। दिल से प्रौद्योगिकीवेत्ता सत्या एआई को एक ऐसे उपकरण के रूप में देखते हैं जो इंसानों को सशक्त बनाएगा। हालांकि अनपेक्षित परिणामों और दुरुपयोग के बारे में चिंता वाजिब है। इसीलिए यह इतना आश्वस्त करने वाला है कि सत्या एआई के प्रबंधकों में से एक है। उनकी विचारशीलता और विनम्रता हमें सुरक्षित बनाएगी। वे इसके दुरुपयोग को रोकने पर भी अनुसंधान करेंगे, ऐसी उम्मीद की जा सकती है।
जहां तक इस सूची में शामिल साक्षी मलिक का मुद्दा है तो साक्षी मलिक के बारे में ऑस्कर-नामित वृत्तचित्र की निर्माता निशा पाहुजा लिखती हैं कि वह भारत के सर्वाधिक चर्चित पहलवानों में से एक थीं, जो महिला एथलीटों के यौन उत्पीडऩ के आरोपी एवं भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह की तत्काल गिरफ्तारी और इस्तीफे की मांग के लिए 2023 की शुरुआत में दिल्ली के जंतर मंतर पर एकत्र हुए थे। असल में केवल ओलंपिक जीतना ही इस सूची के लिए काफी नहीं था। कुछ लोगों को उनके यौन उत्पीडऩ के खिलाफ किए संघर्ष पर आपत्ति हो सकती है। कुछ पार्टियों ने इसका विरोध भी किया था, लेकिन कहीं न कहीं भारत के अंदर तो उन्हें इस मुद्दे पर समर्थन मिला ही था, साथ ही साथ दुनिया भर में भी समर्थन मिला था।
साक्षी मलिक की लड़ाई को व्यक्तिगत संघर्ष भी बताया गया। उन्हें तमाम धमकियां भी मिलीं। महिला पहलवानों की लड़ाई को जातिगत संघर्ष तक कह दिया गया। इसे जाट बनाम राजपूत विवाद बनाने की कोशिश भी की गई, लेकिन अंतत: महिला पहलवानों को एक हद तक विजय हासिल हुई। हालांकि यौन शोषण के मुख्य आरोपी के खिलाफ जो एक्शन होना था, वह नहीं हुआ। फिर भी कम से कम वह आज हाशिए पर है, यही बड़ी सफलता मानी जा सकती है। कुश्ती संघ से उस व्यक्ति को हटाने सरकार तक को पसीना आ गया था। इसलिए इस संघर्ष को अंतरराष्ट्रीय स्तर का संघर्ष माना गया और इसके आधार पर यदि साक्षी मलिक को टाइम मैगजीन में स्थान मिलता है, तो यह अच्छी बात है। साक्षी को कुश्ती के साथ-साथ संघर्ष की इस भावना को बनाए रखना होगा।  और महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों-यौनाचारों के खिलाफ आवाज भी उठाते रहना होगा। टाइम मैगजीन में प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल सभी भारतीयों को शुभकामनाएं।
– संजय सक्सेना

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles