MP : किसानों को 1-2 रुपये का  क्लेम.. केंद्रीय कृषि मंत्री ने जताई नाराजगी…

भोपाल। मध्यप्रदेश में फसल बीमा क्लेम के नाम पर किसानों के साथ खासा धोखा किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में क्षतिपूर्ति के रूप में किसानों को 1-2 रुपए तक दिए गए हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बात पर नाराजगी जताई है। हालांकि शिवराज न केवल अठारह साल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, अपितु विधायक और सांसद भी रहे, अब खुदही कृषि मंत्री हैँ, अब जाकर उनकी नजर इस बात पर पड़ी।

फिलहाल शिवराज ने सोमवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़े अधिकारियों की बैठक बुलाई जिसमें बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी तलब किया। बैठक में शिवराज सिंह चौहान ने साफ कहा कि दो-पांच रुपए क्लेम मिलना किसानों के साथ मजाक है। उन्होंने मामले की जांच का भी ऐलान किया।

एमपी में अति बारिश, रोग आदि के कारण फसलें बर्बाद हुईं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में क्षतिपूर्ति के लिए किसानों ने क्लेम किया तो राहत के रूप में नाममात्र की राशि मिली। कई किसानों को तो बीमा क्लेम के महज 1-2 रुपए तक दिए गए हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान जब सीहोर पहुंचे तो किसानों ने अपना दर्द बयां किया। उनके पास प्रदेशभर के किसानों की शिकायतें भी पहुंची। इस पर कृषि मंत्री ने नाराजगी जताई और आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

सोमवार को दिल्ली पहुंचते ही कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों को खासा डपटा। बैठक में महाराष्ट्र के कुछ किसानों को भी वर्चुअल जोड़ा और उनके शिकवे शिकायतों पर अधिकारियों से जवाब मांगा।

शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर कलेक्टर को भी वर्चुअल जोड़कर अधिकारियों व बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों से सवाल किए। उन्होंने साफ कहा कि फसल बीमा योजना में 1 रुपए, 3 रुपए का क्लेम देने का ये मजाक मैं नहीं चलने दूंगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों से फसल क्षति का आंकलन सटीकता से करने को कहा। इसके लिए योजना के प्रावधानों में बदलाव करने के भी निर्देश दिए।कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले की जांच की भी घोषणा की। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सीईओ को जांच के आदेश दिए।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles