Rahul Gandhi : मानहानि केस में भिवंडी कोर्ट में पेश हुए राहुल गांधी, बीजेपी ने दिखाए काले झंडे

भिवंडी। कांग्रेस नेता राहुल गाँधी महाराष्ट्र के ठाणे जिले की भिवंडी मजिस्ट्रेट अदालत में मानहानि मामले में नई जमानत पेश करने पहुंचे। अदालत ने उनसे नया जमानतदार पेश करने को कहा था, क्योंकि उनके पूर्व जमानतदार और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का पिछले साल दिसंबर में निधन हो गया था।
राहुल गांधी इस मामले में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को नए जमानतदार के रूप में पेश कर रहे हैं। उनके वकील नारायण अय्यर के अनुसार, मजिस्ट्रेट ने औपचारिकताएं पूरी करने के लिए गांधी को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया था। अय्यर ने कहा कि मामला तेजी से आगे बढ़ रहा है और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार देशभर में सांसदों और विधायकों से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा किया जा रहा है।

राहुल गांधी हाय-हाय के नारे
बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का काफिला निकलने पर काले झंडे दिखाए, हालांकि उन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी हाय हाय के नारे भी लगाए। बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में कांग्रेस के प्रोटेस्ट के विरोध में ही काले झंडे दिखाए। कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत मंडपम में घुस गए थे। उन्होंने प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों वाली सफेद टी-शर्ट पहनकर प्रोटेस्ट किया था। बाद में उन्होंने शर्ट उतार दी थी। इन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘इंडिया-यूएस ट्रेड डील’ और ‘पीएम कॉम्प्रोमाइज्ड हैं’ जैसे नारे भी लिखे थे। मुंबई पहुंचने पर राहुल गांधी का प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल समेत अन्य नेताओं ने स्वागत किया था।

अमेरिकी टैरिफ डील, राहुल बोले- मोदी ने विश्वासघात किया
अमेरिकी टैरिफ डील पर विपक्ष फिर मोदी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पीएम मोदी पर समझौता करने का आरोप लगाया। कहा कि उनका विश्वासघात अब उजागर हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि पीएम इस व्यापार समझौते में फिर से आत्मसमर्पण कर देंगे।
उधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार किए बिना मोदी सरकार ने इतनी जल्दबाजी में एक ट्रैप डील में शामिल क्यों हुए, जिसने भारत से भारी रियायतें छीन लीं। बता दें अमेरिका ने 2 फरवरी को भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किया था। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने 20 फरवरी को बताया कि अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौता फरवरी के अंत तक फाइनल हो जाएगा।

Exit mobile version