नई दिल्ली। डेयरी और एफएमसीजी क्षेत्र से उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। देश की प्रमुख डेयरी को-ऑपरेटिव अमूल और मदर डेयरी ने अपनी दूध की कीमतों में इजाफा करने का फैसला किया है, जिसका सीधा असर आम आदमी के मासिक बजट पर पड़ेगा।
अमूल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पूरे भारत में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। यह एक राष्ट्रीय स्तर की मूल्य वृद्धि है, जो देश के सभी बाजारों में समान रूप से लागू की जा रही है। कीमत में बदलाव के बाद अमूल का फुल क्रीम दुध अब 72 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से मिलेगा। मदर डेयरी ने भी 14 मई से दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। कंपनी के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। पंजाब के दूध ब्रांड वेरका ने भी कीमतों में बढ़ोतरी का एलान कर दिया है।
गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने बुधवार को यह घोषणा की। इस मूल्य वृद्धि से खाद्य महंगाई पर असर पड़ने की संभावना है। मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं के बजट पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा। पिछली बार दूध के दाम 1 मई 2025 को बढ़ाए गए थे। जीसीएमएमएफ ने बताया कि यह वृद्धि लगभग 2.5 से 3.5 फीसदी प्रति लीटर है। यह औसत खाद्य महंगाई दर से कम है। पशु आहार, दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की लागत में काफी वृद्धि हुई है। इसी कारण यह मूल्य वृद्धि की गई है। जीसीएमएमएफ दुनिया की सबसे बड़ी किसान-स्वामित्व वाली डेयरी सहकारी है। यह 36 लाख किसानों के साथ 50 से अधिक देशों में अमूल उत्पाद बेचती है
मदर डेयरी की कीमतों में कितना बदलाव?
दूध का प्रकार पुराना एमआरपी (रु./लीटर) नया एमआरपी (रु./लीटर)
बल्क वेंडेड मिल्क (टोकन मिल्क) 56 58
फुल क्रीम दूध 70 72
टोंड मिल्क 58 60
डबल टोंड मिल्क (लाइव लाइट) 52 54
काउ मिल्क 60 62
प्रो मिल्क 70 72
