कमल हासन ने कहा- बिहार कई ज़िंदा मुर्दों की भूमि बन गया है…

नई दिल्ली। अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने बुधवार को राज्य सभा में एक चेतावनी दी और कहा कि इसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता है.कमल हासन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संयुक्त सत्र में दिए गए अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान बोल रहे थे.
कमल हासन ने अपने भाषण में एसआईआर का मुद्दा उठाया और इस साल तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए बड़ी चिंता के तौर पर पेश किया.
हासन ने कहा कि मतदान का अधिकार ही जांच के दायरे में लाया जा रहा है. उन्होंने सदन में कहा, “हम वोट डालना चाहते हैं सर और आयोग हमारे वोट देने के अधिकार की जांच कर रहा हैं. लोगों को वर्तनी और पते को लेकर जांच का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें अक्सर ग़लतियां होती हैं.”
एसआईआर प्रक्रिया की आलोचना करते हुए कमल हासन ने कहा, “बिहार कई ज़िंदा मुर्दों की भूमि बन गया है और हम नहीं चाहते कि यह बीमारी पूरे देश में फैले.”
दरअसल कई ऐसी मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई थी कि बिहार में एसआईआर के दौरान ज़िंदा मतदाताओं को मृत बता दिया गया और उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया.
कमल हासन ने कहा कि चुनाव आयोग इस समस्या को बढ़ावा दे रहा है. उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग निश्चित रूप से इस बिहार वाली बीमारी के प्रसार को सुविधाजनक बना रहा है.”
कमल हासन ने कहा कि एसआईआर “जीवित मृतकों की स्पेल चेक कहानी” है. उन्होंने तर्क दिया कि मामूली ग़लतियों को अयोग्यता के रूप में लिया जा रहा है.





