UP : बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता के घर फायरिंग, गैंगेस्टर बोला-संतों के अपमान का लिया बदला

बरेली। यूपी के बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता रिटायर्ड डिप्टी एसपी जगदीश पाटनी घर के बाहर शुक्रवार तड़के गोल्डी बराड़ गैंग के सदस्यों ने फायरिंग कर दी। सुबह करीब साढ़े तीन बजे उनके सिविल लाइंस स्थित आवास के मुख्य दरवाजे और दीवार पर बाइक सवार दो बदमाशों ने चार से पांच राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उनके घर फोर्स तैनात कर दी गई है और एसपी सिटी व एसपी क्राइम के नेतृत्व में कार्रवाई के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं।

दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी, जो कि रिटायर्ड डिप्टी एसपी हैं, परिवार सहित सिविल लाइंस इसी घर में रहते हैं। दिशा पाटनी की बहन रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी ने 29 जुलाई को संत प्रेमानंद और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ सोशल मीडिया पर महिला को लेकर की गई बयानबाजी के संबंध में टिप्पणी की थी। हालांकि बाद में यह पोस्ट डिलीट कर दी गई और मामला शांत हो गया। इसी बीच शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे सिविल लाइंस स्थित उनके घर पर फायरिंग कर दी गई। बाइक से पहुंचे दो हमलावरों ने घर के दरवाजे और दीवार पर चार-पांच राउंड फायरिंग की। इससे पूरा परिवार दहशत में आ गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो जांच शुरू कर दी गई।

इस बीच, कुख्यात गोल्डी बराड़ गैंग के सदस्य रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। उसने फेसबुक पर लिखा कि यह हमला दिशा की बहन और आर्मी अधिकारी मेजर खुशबू पाटनी द्वारा संत प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य को लेकर की गई टिप्पणी का बदला है। पोस्ट में चेतावनी दी गई है कि भविष्य में किसी ने भी धर्म या संतों के खिलाफ टिप्पणी की, तो अंजाम भुगतने को तैयार रहे। हालांकि, रोहित गोदारा ने यह पोस्ट कुछ देर बाद सोशल मीडिया से डिलीट कर दी, लेकिन उसका स्क्रीनशॉट नोएडा में मीडिया को साझा किया गया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles