Keralam : पूर्व सीएम विजयन के घर ED का छापा, समर्थकों का टीम पर हमला, लाठी-पत्थर बरसाए…

तिरुवनंतपुरम। केरलम में पूर्व मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan के घर पर ईडी की कार्रवाई और उसके बाद हुई हिंसा ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है। बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तिरुवनंतपुरम स्थित उनके किराए के आवास समेत 10 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित CMRL-Exalogic मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी बताई जा रही है।
रेड के दौरान विजयन और उनका परिवार घर में मौजूद था। जैसे-जैसे खबर फैली, CPI(M) कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में घर के बाहर जमा हो गए। दोपहर में जब ईडी अधिकारी बाहर निकले तो प्रदर्शन हिंसक हो गया। अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव और बोतलें फेंकी गईं, कई वाहनों के शीशे तोड़े गए और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई। कुछ रिपोर्टों में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी जानकारी दी गई है।

ईडी की यह कार्रवाई उस मामले में हुई है जिसमें आरोप है कि कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) ने विजयन की बेटी वीणा विजयन की कंपनी Exalogic Solutions को करीब 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया, जबकि कथित तौर पर कोई वास्तविक सेवा नहीं दी गई। इसी मामले में ईडी पहले से जांच कर रही है।
छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए Pinarayi Vijayan ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि “कुछ लोगों, खासकर Rahul Gandhi जैसे व्यक्ति को इस तलाशी से संतुष्टि मिली होगी,” और दावा किया कि कांग्रेस भी अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ ईडी कार्रवाई का समर्थन करती रही है।
वहीं CPI(M) नेतृत्व ने ईडी की कार्रवाई को “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” बताया है और पूरे केरल में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।

Exit mobile version