DRDO: रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह फिलहाल सम्हालेंगे को मिला डीआरडीओ अध्यक्ष का प्रभार

नई दिल्ली। भारत सरकार के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह को रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कार्मिक मंत्रालय ने आज शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है। राजेश कुमार सिंह वर्तमान अध्यक्ष समीर वी कामत का स्थान लेंगे।

कामत का बढ़ा हुआ कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो रहा है। सक्षम प्राधिकारी ने सिंह को रक्षा अनुसंधान और विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने की मंजूरी दे दी है।

कलैसेल्वी को पृथ्वी विज्ञान सचिव का अतिरिक्त प्रभार

मंत्रालय ने कुछ और महत्वपूर्ण नियुक्तियों की भी घोषणा की है। वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) की महानिदेशक एन कलैसेल्वी को पृथ्वी विज्ञान सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे एम रविचंद्रन की जगह लेंगी, जो 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

श्रीवत्स कृष्णा को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार

इसके अलावा, अल्पसंख्यक मामलों के सचिव श्रीवत्स कृष्णा को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार मिला है। वे अलका उपाध्याय की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। अलका उपाध्याय भी 31 मई को रिटायर हो रही हैं। ये सभी बदलाव 31 मई को मौजूदा अधिकारियों के कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रभावी होंगे।

Exit mobile version