BJP : नये अध्यक्ष की घोषणा में और समय लगेगा.. आ रहा है चौँकाने वाला नाम…?

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत की मुलाक़ात भी हो गई, लेकिन बीजेपी के नये अध्यक्ष की घोषणा अभी तक नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि पार्टी का पूरा ध्यान वक़्फ़ बिल पर था, जो लोकसभा और राज्य सभा दोनों में पास हो गया है। माना जा रहा है कि राम नवमी के बाद नया अध्यक्ष घोषित हो जायेगा और दावा किया जा रहा है कि फिर पार्टी चौंकायेगी।
मोदी के नागपुर से लौटने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी बातचीत हुई है। प्रधानमंत्री ने वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से राज्यों के संगठनात्मक चुनाव पर चर्चा की।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने नड्डा और बीएल संतोष से कहा है कि इसी महीने भाजपा अध्यक्ष का चुनाव पूरा करें। भाजपा ने अब तक 13 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए 19 राज्यों में चुनाव पूरे करने जरूरी हैं।
सूत्रों के मुताबिक अगले हफ्ते तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत बाकी बचे अधिकांश राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। यानी 50 प्रतिशत राज्यों के चुनाव पूरा होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जा सकेगा।
सूत्र बता रहे हैँ कि संघ की तरफ से दिया गया प्रस्ताव मोदी को पसंद नहीं आया। जो नाम दिया गया है, उस पर मोदी और शाह शायद हो मुहर लगाएं। इसलिए नये नाम पर विचार चल रहा है। भूपेंद्र यादव, शिवराज सिंह चौहान, धर्मेन्द्र प्रधान आदि दौड़ से लगभग बाहर हो गए हैँ। मनोहर लाल खट्टर जैसे एक दो नाम अभी विचार में हैँ। चौकाने वाले नामों में योगी आदित्य नाथ जैसा नेता भी शामिल हो सकता है। और संघ की सुनी गई तो संजय जोशी की वापसी भी हो जाएगी, लेकिन इसके लिए मोदी शाह तैयार नहीं।





