वैष्णो देवी दौरा बीच में छोड़ दिल्ली लौटे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, जानिए क्या रही वजह

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जम्मू-कश्मीर का अपना दो दिवसीय दौरा निर्धारित समय से पहले समाप्त कर दिया। तय कार्यक्रम के अनुसार उन्हें दूसरे दिन माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाना था, लेकिन अंतिम समय में यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया और वह दिल्ली लौट गए।
BJP की ओर से दौरे में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। हालांकि, पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और बैठकों के कारण उन्हें तत्काल दिल्ली लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि राजधानी में होने वाली अहम संगठनात्मक बैठक में उनकी मौजूदगी जरूरी थी।
यह दौरा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का जम्मू-कश्मीर का पहला आधिकारिक दौरा था। सोमवार को जम्मू पहुंचने के बाद उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सबसे पहले उन्होंने अम्फाला स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद डोगरा चौक पहुंचकर भारतीय जनसंघ के वरिष्ठ नेता प्रेम नाथ डोगरा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद नितिन नवीन त्रिकुटा नगर स्थित BJP प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के मौजूदा और पूर्व विधायकों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बैठक की। बैठक में संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
BJP विधायक आर.एस. पठानिया ने बताया कि दूसरे दिन माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम पहले से तय था, लेकिन अचानक उसमें बदलाव कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने की रणनीति तैयार करना था।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि प्रदेश में BJP अपनी संगठनात्मक पकड़ को कैसे और मजबूत करे तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय कैसे स्थापित किया जाए। हालांकि, वैष्णो देवी यात्रा रद्द होने के पीछे की आधिकारिक वजह फिलहाल पार्टी की ओर से सार्वजनिक नहीं की गई है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles