Karnataka: CM बनते ही डीके शिवकुमार ने की बड़ी घोषणाएँ, छात्रों को मुफ्त बस पास और युवाओं को रोजगार का वादा

बेंगलुरु। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पद संभालने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई बड़े फैसलों का एलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य में विकास, रोजगार और किसानों के हितों को प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट बैठक में नए दौर की शुरुआत के लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी उनकी नहीं बल्कि कर्नाटक की जनता की है और सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेगी।

मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने छात्रों और युवाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी छात्रों को फ्री बस पास दिया जाएगा ताकि पढ़ाई में आर्थिक परेशानी बाधा न बने। इसके साथ ही युवाओं को सरकारी नौकरियों में भर्ती के लिए जल्द ही कैलेंडर ऑफ इवेंट्स जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए निजी रोजगार विनिमय केंद्र भी शुरू करेगी, जहां लोग अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

शिवकुमार की घोषणाएं
सभी छात्रों को फ्री बस पास देने का एलान।
सरकारी नौकरियों के लिए जल्द भर्ती कैलेंडर जारी होगा।
युवाओं के लिए प्राइवेट रोजगार एक्सचेंज बनाया जाएगा।
रोजगार एक्सचेंज की रूपरेखा एक महीने में तैयार होगी।
किसानों के पलायन को रोकने के लिए नई योजनाएं लाई जाएंगी।
हर ग्राम पंचायत में ‘भारत जोड़ो युवा संघ’ को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे।
पूरे कर्नाटक में 10 हजार भारत जोड़ो युवा संघ बनाए जाएंगे।
युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सौहार्द बढ़ाने पर जोर।
लोकतंत्र के चारों स्तंभों को मिलकर काम करने की अपील।

युवाओं के लिए नई रोजगार व्यवस्था शुरू होगी
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि राज्य सरकार एक निजी रोजगार एक्सचेंज बनाएगी, जिससे निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वाले युवाओं को मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना की रूपरेखा एक महीने के भीतर तैयार कर ली जाएगी। सरकार का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को सही जानकारी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार बढ़ाना उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है

भारत जोड़ो युवा संघ बनेगा सरकार का नया मॉडल?
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य की हर ग्राम पंचायत में ‘भारत जोड़ो युवा संघ’ को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूरे कर्नाटक में 10 हजार भारत जोड़ो युवा संघ बनाए जाएंगे। इनका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता बढ़ाना और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के चारों स्तंभों को मिलकर काम करना चाहिए और सरकार समाज में एकता और विश्वास बढ़ाने के लिए काम करेगी।

बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
शपथ लेने के कुछ घंटों बाद राज्य सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल भी किए हैं। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुषार गिरी नाथ को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें शहरी विकास विभाग के एसीएस का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं राजेंद्र चोलन पी को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें कर्नाटक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक भी नियुक्त किया गया। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अतीक एलके को मुख्यमंत्री का वित्तीय सलाहकार बनाया गया है।

Exit mobile version