केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के निजी सचिव अमर सिंह अचानक हटाए गए, दो अन्य अधिकारी भी रिलीव

नई दिल्ली। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के निजी सचिव अमर सिंह को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उनके साथ कार्यरत दो अन्य अधिकारियों आयुष शरण और शैलेश कुमार सिंह को भी उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।
मंत्रालय ने इस संबंध में 3 जुलाई 2026 को आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार यह कार्रवाई 2 जुलाई 2026 को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी निर्देशों तथा सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के आधार पर की गई है।
अमर सिंह को मूल कैडर में भेजा गया
आदेश में कहा गया है कि अमर सिंह, जो 2010 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी हैं, उन्हें प्रशासनिक आधार पर उनके मूल कैडर राजस्व विभाग में वापस भेजा गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए अपने मूल विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
दो अन्य अधिकारियों को भी किया गया रिलीव
मंत्रालय के आदेश के तहत आयुष शरण और शैलेश कुमार सिंह को भी उनकी मौजूदा तैनाती से रिलीव कर दिया गया है। हालांकि आदेश में उनकी नई नियुक्ति या आगे की पोस्टिंग के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
मंत्रालय ने नहीं बताई वजह
जारी आदेश में इन बदलावों के पीछे किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया गया है। आदेश में केवल इतना कहा गया है कि यह निर्णय प्रशासनिक आधार पर और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लिया गया है। फिलहाल मंत्रालय की ओर से इस मामले में कोई अतिरिक्त स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।




