Political

MP Assembly Election: इंडिया गठबंधन क्या मध्य प्रदेश में मिलकर लड़ेगा चुनाव…? चर्चाओं का दौर जारी

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव (Madhya Pradesh Assembly Election) में कांटे की लड़ाई के संकेत हैं। INDIA अलायंस के तीन प्रमुख घटकों ने मध्य प्रदेश विधानसभा में चुनावी गठबंधन के लिए बातचीत शुरू कर दी है। यदि सीटों के बंटवारे पर समझौता हो जाता है तो मध्य प्रदेश ऐसा राज्य होगा जिसके विधानसभा चुनावों में INDIA अलायंस पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ता नजर आएगा। इन दलों के नेताओं ने बताया कि INDIA अलायंस के तीन प्रमुख घटकों ने मध्य प्रदेश विधानसभा में चुनावी गठबंधन के लिए बातचीत शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में कांग्रेस गठबंधन के लिए समाजवादी पार्टी और वाम दलों से बातचीत कर रही है। हालांकि, आम आदमी पार्टी इस पहलकदमी से दूर नजर आ रही है। इंडिया ब्लॉक की घटक, आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party, AAP) राज्य विधानसभा की सभी 230 सीटों पर अपने बलबूते चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक है। घटनाक्रम से वाकिफ एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा- हां, समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और वाम दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू हो गई है।

इसकी पुष्टि सपा और वाम दल के नेताओं ने कर दी है। सीपीआई (एम) के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने कहा- मैंने हाल ही में राज्य विधानसभा चुनाव लड़ने वाले INDIA गठबंधन की संभावना के संबंध में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से बात की थी। फिलहाल हमें किसी भी नतीजे पर पहुंचने कुछ समय लगेगा। वहीं समाजवादी पार्टी के एक नेता ने अपना नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि स्थानीय सपा नेताओं और कांग्रेस के बीच कुछ अनौपचारिक बातचीत हुई है। कमल नाथ जी गठबंधन के साथ आगे बढ़ने के इच्छुक हैं, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि इस बार, कांग्रेस वोट शेयर में भाजपा से आगे निकलने की कोशिश कर रही है। वह 116 के बहुमत के आंकड़े को पार करने के लिए अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में मुकाबले को द्विध्रुवीय बनाने का प्रयास कर रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा- हम नहीं चाहेंगे कि सत्ता विरोधी वोट बंटें। कांग्रेस ने गठबंधन के लिए पहल की है। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के साथ उनकी अभी तक बातचीत नहीं हुई है। अगले पखवाड़े में चीजों के आकार लेने की संभावना बन रही है।

हालांकि, गौर करने वाली बात यह कि आम आदमी पार्टी सूबे में चुनाव के लिए गठबंधन को लेकर बहुत उत्सुक नहीं नजर आ रही है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत पटेल ने कहा- आम आदमी पार्टी की कांग्रेस या किसी अन्य पार्टी के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है। हम मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन को लेकर पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व क्या निर्णय लेगा इस बारे में कुछ भी कहा नहीं जा सकता है।

सूबे में जहां तक आम आदमी पार्टी के जनाधार की बात करें तो जुलाई 2022 में, AAP ने मध्य प्रदेश में सफलता का स्वाद चखा था जब उसकी उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने सिंगरौली मेयर का चुनाव जीता था। ग्वालियर, इंदौर और भोपाल के नगर निगम चुनावों में भी आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों को कई शहरी क्षेत्रों में अच्छे वोट मिले। राजनीतिक विश्लेषक दिनेश गुप्ता कहते हैं कि कांटे की टक्कर की स्थिति में गठबंधन किसी भी पक्ष के लिए मायने रखेगा, जैसा कि हमने 2018 के चुनावों में देखा जा चुका है। अगर किसी गठबंधन में कुछ फीसदी वोट भी जुड़ जाएं तो इसका अंतिम नतीजों पर बड़ा फर्क पड़ता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button