Success : वकील बनते-बनते IAS बन गई MP की बेटी रूपल, UPSC इंटरव्यू में पूछा गया था सिंगर किशोर दा पर सवाल

भोपाल। मध्य प्रदेश की बेटी रूपल ने वकील बनने का सपना देखा था लेकिन फिर अफसर बनने की ठानी। अपनी लगन और आत्मविश्वास से यूपीएससी की कठिन राह को पार कर IAS अधिकारी बन गई। उनके UPSC इंटरव्यू में सिंगर किशोर दा पर सवाल पूछे गए थे, जिसका जवाब उन्होंने धैर्य और आत्मविश्वास से दिया। रूपल की सक्सेस स्टोरी यह दिखाती है कि मेहनत लगातार की जाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

रूपल जायसवाल मध्य प्रदेश के खंडवा शहर की रहने वाली हैं। रूपल का सपना बचपन से ही प्रशासनिक सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करने का था। वह कलेक्टर बनकर जनता की समस्याओं को दूर करना चाहती हैं। खंडवा में रहते हुए उन्होंने कई ऐसे लोगों को देखा है जिनके सपने धीरे-धीरे टूटते चले गए। इसी अनुभव ने उन्हें प्रशासनिक सेवा में जाने और लोगों की मदद करने के लिए प्रेरित किया।

पहले वकालत की पढ़ाई, नौकरी और फिर यूपीएससी की तैयारी
रूपल ने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था। उन्होंने वर्ष 2023 में वकालत की पढ़ाई पूरी की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे मुंबई में नौकरी करने लगीं, लेकिन वहां उन्हें मन का सुकून नहीं मिला। तभी उन्होंने तय किया कि वे सिविल सेवा की तैयारी करेंगी और देश की सेवा करेंगी। उसी साल उन्होंने पहली बार UPSC की परीक्षा दी थी।

पहले प्रयास में असफलता, दूसरी बार 512वां स्थान
पहले प्रयास में असफल होने के बाद भी रूपल ने हार नहीं मानी। उन्होंने और अधिक मेहनत के साथ 2024 में दूसरी बार परीक्षा दी। इस बार उन्हें देशभर में 512वां स्थान प्राप्त हुआ। हालांकि यह भी एक बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन रूपल इससे संतुष्ट नहीं थीं। उनके मन में कलेक्टर बनने का सपना था, इसलिए उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी।

15 घंटे की मेहनत, तीसरे प्रयास में रैंक-43
लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के साथ रूपल ने वर्ष 2025 में तीसरी बार UPSC की परीक्षा दी। इस बार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने यूपीएससी 2025 परीक्षा के रिजल्ट में देशभर में 43वीं रैंक हासिल कर ली। रूपल के पिता सिविल इंजीनियर हैं। परिवार के सहयोग और अपनी लगन से रूपल ने बिना किसी ऑफलाइन कोचिंग के घर पर ही रोज करीब 15 घंटे पढ़ाई कर इस कठिन परीक्षा को पास किया।

इंटरव्यू में पूछे गए सिंगर किशोर दा से जुड़े सवाल
UPSC इंटरव्यू के दौरान उनसे खंडवा शहर और प्रसिद्ध गायक किशोर कुमार को लेकर भी कई सवाल पूछे गए। इंटरव्यू बोर्ड ने उनसे पूछा कि खंडवा शहर किशोर कुमार के लिए कितना दीवाना है और क्या शहर में उनकी प्रतिमा भी स्थापित है। रूपल ने बताया कि जब इंटरव्यू में उनसे संगीत से जुड़े सवाल पूछे गए तो उन्हें उसी समय लगा कि उनका चयन लगभग तय है। उन्हें संगीत भी काफी पसंद है।

Exit mobile version