-संजीव शर्मा
चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि एक भावना है, संस्कृति है, इतिहास है, अर्थव्यवस्था है और सबसे बढ़कर मेलजोल का पुल है। यह वह पुल है जो हमारी सामाजिकता को बरकरार रखता है। जब हम सुबह की ताजगी के लिए चाय का एक घूंट लेते हैं, या शाम की थकान को दोस्तों के साथ चाय की चुस्कियों में भूल जाते हैं। यह एक ऐसा पेय है जो मौसमीय बदलावों से परे है।
ठंड में गर्म चाय का प्याला तन मन को ऊर्जा एवं गर्माहट से भर देता है तो गर्मी में वही गर्म प्याला ‘लोहा लोहे को काटता है’ वाले अंदाज में गर्माहट को कम कर देता है और बारिश में पकौड़ों के साथ अदरक वाली चाय के तो क्या कहने। चाय सुबह, दोपहर, शाम, रात, खाने के पहले,भोजन के बाद, सोने से पहले,उठने के बाद…कभी भी, कहीं भी पी जा सकती है। (इसी तरह की अन्य रोचक बातों के लिए पढ़िए: www.jugaali.blogspot.com) ताज जैसी फाइव स्टार होटल में एक प्याला चाय किसी मिडिल क्लास रेस्त्रां के लंच के बराबर कीमत की पड़ती है तो टपरी की चाय के स्वाद का अलग ही आनंद है। कई शहरों में लोकप्रिय कट चाय किफायती भी है और दोस्तों की कंपनी देने वाली भी। यह रंग रूप भी बदलती है, स्वाद भी,अंदाज भी और सेहत से जुड़े फायदे भी इसलिए दूध वाली सफेद, काली, लाल, हरी चाय, सुलेमानी, मलाई मार के जैसी परंपरागत चाय के साथ अब तो तमाम नई किस्में उपलब्ध हैं और उतने ही ज्यादा स्वाद भी।
इसलिए, सबसे पहले गरमागरम चाय की चुस्की के साथ अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस की शुभकामनाएँ। हर साल आज के दिन यानि 21 मई को अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस (International Tea Day) मनाया जाता है, जो न केवल इस पेय की महिमा का उत्सव है, बल्कि इसके पीछे छिपी सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक कहानियों का भी सम्मान करता है।
चाय, जिसे भारत में ‘चाय’ और दुनिया के कई हिस्सों में ‘टी’ के नाम से जाना जाता है, सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि एक जीवनशैली, परंपरा और आत्मीयता का प्रतीक है। वैसे तो, चाय की कहानी हजारों साल पुरानी है, जो चीन से शुरू होकर विश्व के कोने-कोने तक फैली लेकिन भारत में चाय ब्रिटिश औपनिवेशिक काल के दौरान लोकप्रिय हुई और आज यह देश की आत्मा का हिस्सा है। असम, हिमाचल प्रदेश, दार्जिलिंग और नीलगिरी जैसे विविध इलाकों की चाय ने विश्व स्तर पर अपनी सुगंध और स्वाद से अलग पहचान एवं प्रतिष्ठा बनाई है। चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि संस्कृतियों को जोड़ने का माध्यम है। भारत में सुबह की चाय परिवार के साथ बातचीत का बहाना है, तो दोस्तों के साथ चाय पर चर्चा विचारों का आदान-प्रदान। चाय गप्प मारने का जरिया है तो कभी खुद को रिचार्ज करने वाला ईंधन।
चाय उद्योग लाखों लोगों के लिए आजीविका का स्रोत है। भारत, चीन, श्रीलंका, और केन्या जैसे देशों में चाय की खेती और उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। विशेष रूप से भारत में, असम और दार्जिलिंग के चाय बागानों में काम करने वाले श्रमिकों की मेहनत इस उद्योग को जीवंत रखती है। यह तो हम सभी जानते ही हैं कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चाय उत्पादक देश है। 2024-25 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में चाय का उत्पादन 13 लाख टन के आसपास पहुंच चुका है। यह करोड़ों लोगों की रोजी रोटी है।
देश की कुल चाय उत्पादन में असम और पश्चिम बंगाल की हिस्सेदारी भारी है, लेकिन हर चाय प्रेमी जानता है कि भारतीय चाय की विविधता ही उसकी खासियत है मसलन असम की बड़े बागानों वाली, दार्जिलिंग की फूलों-सी महक वाली, नीलगिरी की ताज़गी भरी और… हिमाचल की अनोखी कांगड़ा चाय। हिमाचल की चाय में पहाड़ों की खुशबू है तो बादलों का प्यार भी क्योंकि यहां बादल चाय की पत्तियों से बातें करते हैं।
खासतौर पर कांगड़ा की चाय तो दुनिया भर में अपने अनूठे स्वाद के जादू के लिए मशहूर है। 1849 में डॉ. जेम्सन ने यहां चाय की खेती की शुरुआत की थी। आज कांगड़ा चाय को GI टैग हासिल है। एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर यह चाय हिमाचल में करीब ढाई हजार हेक्टेयर क्षेत्र उगाई जाती है और सालाना उत्पादन 8-10 लाख किलो तक पहुंच गया है। कांगड़ा की चाय की लोकप्रियता का कारण यहां की आवोहवा है।पहाड़ी मिट्टी, ऊंचाई पर मौजूद चाय बागान, ठंडी हवाएं और शुद्ध पानी मिलकर कांगड़ा चाय को अनोखा स्वाद देते हैं।
चाय न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि स्वास्थ्यवर्धक भी है। ग्रीन टी, ब्लैक टी, और हर्बल टी में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं जो तनाव कम करने, हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद करते हैं। आयुर्वेद में भी चाय को विभिन्न औषधीय जड़ी-बूटियों के साथ मिलाकर उपयोग किया जाता है। हालांकि, चाय का सेवन संतुलित मात्रा में जरूरी है, क्योंकि अधिक चाय पीने से इसमें मौजूद कैफीन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस हमें इस साधारण पेय के पीछे की असाधारण कहानियों को याद करने का अवसर देता है। यह हमें उन मेहनती हाथों का सम्मान करने का मौका देता है जो चाय की पत्तियों को हमारे कप तक पहुंचाते हैं। यही वह दिन है जब पूरी दुनिया खासतौर पर एक कप चाय के इर्द-गिर्द इकट्ठा होती है। न सिर्फ चुस्की लेने के लिए, बल्कि उन लाखों हाथों को सलाम करने के लिए जिन्होंने इस जादुई पत्ती को उगाया, तोड़ा और हमारी प्याली तक पहुंचाया। अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस टिकाऊ खेती, उचित मजदूरी और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को भी प्रोत्साहित करता है।
आइए, इस अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस पर एक कप चाय के साथ नई शुरुआत करें। यह कप न केवल स्वाद से भरा हो, बल्कि परस्पर प्रेम, एकता,सहयोग और सतत संवाद के संदेश से भी भरा हो। तो, उठाइए अपनी पसंदीदा चाय का कप..चियर्स!!
साभार
