भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस प्रशासन में हुए फेरबदल के बाद नरसिंहगढ़ (राजगढ़) की एसडीओपी मिनी शुक्ला को अब भोपाल नगरीय पुलिस में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक – जोन 2) के महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है। मिनी शुक्ला ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में 96वीं रैंक हासिल की थी। उन्होंने किसी बड़े शहर में कोचिंग जाने के बजाय घर पर ही रहकर इस कठिन परीक्षा की तैयारी की और अपने दूसरे प्रयास में यह बड़ी सफलता हासिल की।
चंबल अंचल के भिंड जिले के मेहगांव की रहने वाली मिनी शुक्ला के पूरे परिवार का इतिहास देश सेवा और कानून से जुड़ा रहा है। मिनी के परदादा बाबूराम शुक्ला एक स्वतंत्रता सेनानी थे। वहीं उनके दादा श्याम शुक्ला मध्य प्रदेश पुलिस में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। परिवार में प्रशासनिक सेवा की यह परंपरा यहीं नहीं रुकी। मिनी शुक्ला के पिता कृष्ण कांत शुक्ला ग्वालियर-भिंड क्षेत्र के जाने-माने एडवोकेट हैं, जबकि उनका भाई यज्ञ शुक्ला भी हाईकोर्ट में वकालत कर रहा है। आईपीएस शशिकांत शुक्ला और मोनिका शुक्ला भी इनके परिवार से हैँ।
मिनी की बड़ी बहन प्रियंका शुक्ला भी वर्ष 2019 में यूपीएससी की परीक्षा पास कर वर्तमान में आईपीएस अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। पिता कृष्ण कांत शुक्ला के मुताबिक, चंबल का भिंड-मुरैना इलाका एक दौर में बागियों और डकैतों के नाम से जाना जाता था, लेकिन उनकी बेटियों ने इस पहचान को पूरी तरह बदल दिया है। मिनी की स्कूली शिक्षा ग्वालियर के केंद्रीय विद्यालय से हुई और इसके बाद उन्होंने एमिटी यूनिवर्सिटी से बीए ऑनर्स की डिग्री ली। इस होनहार परिवार की सफलता आज पूरे मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन चुकी है।
