MP : डीएफओ विपिन पटेल ने इस्तीफा वापस लिया

वन विभाग को चिट्ठी लिखकर कहा-मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी
भोपाल। नोटिस मिलने के बाद जबलपुर में डीएफओ योजना के पद पर पदस्थ एमपी कैडर के 2013 बैच के आईएफएस अधिकारी विपिन पटेल ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। उनके इस्तीफा देने के बाद धर्मपत्नी ने पीसीसीएफ एंड हॉफ को आवेदन देकर इस्तीफा न मंजूर करने का आग्रह किया था और कहा था कि पति विपिन पटेल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने इस्तीफा दिया है।
विपिन पटेल की पत्नी के आवेदन के बाद पीसीसीएफ एंड हॉफ ने विपिन पटेल से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा था जिसके बाद पटेल ने इस्तीफा वापस लेने की बात कही है।
रीवा, दमोह, सतना और अनूपपुर के डीएफओ रह चुके पटेल ने इस्तीफा देने की वजह निजी कारण बताया था। 4 फरवरी को पीसीसीएफ और हॉफ को भेजे इस्तीफे में विपिन पटेल ने कहा था कि वे अपनी आईएफएस सर्विस से अनकंडीशनल इस्तीफा दे रहे हैं, जिसकी वजह निजी है। इस्तीफे में पटेल ने कहा था कि उनका इस्तीफा कांपीटेंट अथॉरिटी को फॉरवर्ड करें और आईएफएस सेवा से उन्हें मुक्त किया जाए। पटेल ने इस्तीफे की कॉपी वन विभाग के सचिव को भी भेजी थी।





