VIT फिर चर्चाओं में : 10 दिन में 250 छात्र हुए बीमार, 23 की रिपोर्ट टाइफाइड पॉजिटिव, 34 सैंपल की जांच जारी

भोपाल। सीहोर स्थित वीआईटी यूनिवर्सिटी में टाइफाइड जैसे लक्षणों का मामला सामने आया है। पिछले 10 दिनों में 250 से ज्यादा स्टूडेंट्स को बुखार की शिकायत पर इलाज दिया गया। 57 के ब्लड सैंपल लिए गए, जिनमें 23 में साल्मोनेला टाइफी बैक्टीरिया मिला है, जबकि 34 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।
जांच चिरायु मेडिकल कॉलेज की ओपीडी और पैथोलॉजी रिपोर्ट के आधार पर हुई है। छात्रों को मेडिकल जांच के बाद चिरायु मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बुखार की शिकायत के साथ पहुंचे 4 स्टूडेंट्स में से 3 को छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है।
प्रबंधन का दावा- सिर्फ वायरल बुखार
वीआईटी के रजिस्ट्रार केके नायर ने किसी भी छात्र की टाइफाइड रिपोर्ट पॉजिटिव होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि 80 बच्चों को वायरल फीवर व हाई टेंपरेचर की शिकायत थी। 20 को चिरायु भेजा था। दो को भर्ती किया था, जिन्हें छुट्टी दे दी गई।
2025 बैच के छात्रों को एहतियातन छुट्टी दी गई है। पीने के पानी के लिए 2 करोड़ की मशीन लगाई है। वहीं, चिरायु मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. अजय गोयनका के अनुसार, वीआईटी के 23 स्टूडेंट्स की ब्लड कल्चर रिपोर्ट टाइफाइड पॉजिटिव आई है और 34 सैंपल की जांच जारी है।
नवंबर में दूषित पानी पर बवाल
नवंबर 2025 में भी छात्रों ने हॉस्टल में दूषित पानी की शिकायत की थी। विवाद बढ़ने पर तोड़फोड़ व आगजनी की घटना हुई थी। पुलिस व एसटीएफ लगानी पड़ी थी। एनएचएम के रिटायर डायरेक्टर डॉ. पंकज शुक्ला के मुताबिक, एक ही संस्थान में 23 टाइफाइड केस मिलना पेयजल या भोजन में गंभीर संक्रमण का संकेत है। उन्होंने पानी, फूड मटेरियल व मेस स्टाफ की जांच कराने की जरूरत बताई।



