VIDEO: नोटों की माला पहन जश्न मनाते दिखे पुणे पोर्श कांड के आरोपी, भड़क गए लोग

पुणे. बहुचर्चित पोर्शे कार हादसे का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इस मामले में आरोपी विशाल अग्रवाल (नाबालिग के पिता) की जमानत पर रिहाई के बाद सोशल मीडिया पर एक जश्न का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के गुस्से को फिर से भड़का दिया है।

हाल ही में विशाल अग्रवाल को अदालत से जमानत मिली थी। कहा जा रहा है कि जेल से बाहर आने के बाद अग्रवाल परिवार ने एक भव्य पार्टी का आयोजन किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विशाल अग्रवाल और उनकी पत्नी गले में नोटों की माला पहनकर डांस करते और जश्न मनाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में कथित तौर पर आरोपी बेटा भी दिख रहा है। जश्न के दौरान बैकग्राउंड में गाना बज रहा है- बम्बई से आया मेरा दोस्त, दोस्त को सलाम करो।

हालांकि, पुलिस या स्वतंत्र एजेंसियों द्वारा अभी तक आधिकारिक तौर पर इस वीडियो के हालिया होने की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इंटरनेट पर इसे जमानत मिलने की खुशी से जोड़कर देखा जा रहा है।

इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोग न्याय व्यवस्था और रसूखदार परिवारों की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जिस परिवार के बेटे की लापरवाही से दो बेगुनाह युवाओं की जान चली गई, वो जमानत मिलने पर ऐसे जश्न मना रहे हैं जैसे उन्होंने कोई बड़ा काम किया हो। यह पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

Exit mobile version