MP : कार्यक्रम में ना पहुँचने पर मुख्यमंत्री से नाराज हुए उत्तम स्वामी, सीएम ने वीसी से जुड़कर माफ़ी मांगी….

भोपाल। सलकनपुर में स्थित उत्तम स्वामी आश्रम में शारद पूर्णिमा उत्सव मनाया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री डॉ राजेंद्र प्रसाद शुक्ल सहित कई मंत्री विधायक शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के नहीं पहुंचने पर उत्तम स्वामी महाराज बहुत नाराज हुए। उन्होंने मंच से कहा कि हमने तो उन्हें निमंत्रण भी नहीं दिया था। तपन जी ने दिया। सीएम को ऑनलाइन जोड़ने की बात कही तो स्वामी जी ने कहा ऐसे व्यक्ति जिनके पास सेवा प्रकल्प के लिए 2 घंटे का वक्त नहीं, वैसा व्यक्ति हमारे मंच पर नहीं चाहिए।
इसके बाद सीएम मोहन यादव वीसी के जरिए जुड़े और सार्वजनिक रूप से उत्तम स्वामी महाराज से माफी मांगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे क्षमा मांगते हैँ। उन्हें महाराज का आशीर्वाद मिला इसीलिए उनके पास व्यस्तताएं बढ़ी हैँ, उन्हें विश्वास है कि उन्हें महाराज जी का आशीर्वाद मिलता रहेगा।
जानकारी के अनुसार, बुधनी विधानसभा के सलकनपुर में स्थित उत्तम सेवाधाम आश्रम में रविवार से तीन दिवसीय गुरू पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन हुआ। आयोजन का यह 19वां वर्ष है। समर्पण सेवा समिति एवं अखिल भारतीय गुरू भक्त मंडल द्वारा आयोजित किया जा रहा है। समर्पण सेवा समिति के अध्यक्ष तपन भौमिक ने बताया कि 1008 महा मंडलेश्वर उत्तम स्वामीजी महाराज, संतश्री रामदास त्यागी, संपूर्णानंदजी महाराज के सानिध्य एवं अशोक पांडे संघचालक मध्यभारत प्रांत के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया।
उत्कृष्ट नर्मदा सेवा पुरस्कार भी वितरित
इसी कड़ी में मंगलवार को कार्यक्रम का समापन दिवस पर स्वर्गीय प्रभाकर राव केलकर स्मृति में गोवंश आधारित जैविक कृषि पुरस्कार एवं स्व. भगवतशरण माथुर स्मृति में उत्कृष्ट नर्मदा सेवा पुरस्कार वितरित किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री डॉ राजेंद्र प्रसाद शुक्ल ने की साथ ही मंत्री गौतम टेटवाल, कारण सिंह वर्मा सहित कई विधायक संत एवं गुरु भक्त व नर्मदा परिक्रमा भक्त मौजूद रहे।