UP : इस्तीफे के बाद बरेली मजिस्ट्रेट कानपुर पहुंचे, शंखनाद से वेलकम, मां ने गले लगाया, नारे लगे- देखो शेर आया…

कानपुर। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान के विरोध में इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री शनिवार को कानपुर में अपने घर पहुंचे। केशव नगर स्थित आवास पहुंचते ही घर की महिलाओं ने शंखनाद से उनका स्वागत किया। मां गीता अग्निहोत्री ने माला पहनाकर गले से लगाया।
समर्थकों ने भी अलंकार अग्निहोत्री को फूल मालों से लाद दिया। लोगों ने नारेबाजी की- देखो देखो शेर आया…। जमकर डांस किया। अलंकार ने सभी का अभिनंदन स्वीकार किया।बातचीत में अलंकार ने कहा- हमारा अगला कदम देश का एक और काला कानून SC-ST एक्ट की वापसी है। उन्होंने कहा- SC-ST एक्ट के तहत 95% फर्जी शिकायतें दर्ज होती हैं। सामान्य वर्ग के ब्राह्मण, क्षत्रिय, कायस्थ, वैश्य, भूमिहार और OBC वर्ग के लोग प्रताड़ित होते हैं। पैसों की वसूली की जाती है। हम नियत तिथि से 7 दिन का समय देंगे। अगर उस समय स्पेशल पार्लियामेंट्री सेशन बुलाकर इस पर सरकार फैसला नहीं लेती तो हम आंदोलन के साथ दिल्ली की तरफ कूच करेंगे। अलंकार अग्निहोत्री ने कहा- यूजीसी रेगूलेशन 2026 को भारत सरकार के गजट में जारी किया गया। मैं अब साफ तौर पर नाम लेना चाहूंगा, ये मोदी और शाह की सुनियोजित, सोची और समझी साजिश है। साजिश के तहत एक ऐसा गजट तैयार करवाया, जिससे जनरल और OBC को आपस में लड़वा सकें।
साजिश रची गई कि 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को प्रभावित किया जाए। बजरंगबली का आशीर्वाद था कि हम लोगों का विवेक समय पर जाग उठा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस पर रोक लग सकी।



