MP में दर्दनाक हादसा: धार में ओवरलोड पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 12 लोगों की मौत

धार। जिले के तिरला बायपास पर बुधवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दर्दनाक दुर्घटना चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुई, जब मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक करीब 40 से 45 मजदूर सवार थे। वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

इस भीषण हादसे में मृतकों में बच्चों के भी शामिल होने की खबर है, जिससे घटना और भी दुखद हो गई है। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।

मृतकों के नाम

1 तनु 9 वर्ष भील नयापुर
2 अंगूरी 35 वर्ष / महिला भील सेमलीपुरा
3 मीना 45 वर्ष / महिला भील पटेलिया / रामपुर
4 सुमीत 14 वर्ष भील नयापुर
5 किरण 9 वर्ष भील सेमलीपुरा
6 भुरी 35 वर्ष / महिला भील सेमलीपुरा
7 रंजना 25 वर्ष / महिला भील सेमलीपुरा
8 आयुष 14 वर्ष भील नयापुर
9 गोकुल 15 वर्ष / भील नयापुर
10 सुनीता 42 वर्ष / महिला भील नयापुर

11.अज्ञात 25 वर्ष / महिला
12. अज्ञात 14 वर्ष / महिला

डॉक्टर छत्रपाल सिंह चौहान ने बताया कि तिरला के पास एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कई लोग सवार थे। करीब 35 घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से 10 से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। कई मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि कई शव अस्पताल पहुंचे हैं, जिनके परिजन अभी पहुंच रहे हैं। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद ICU और वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि कुछ गंभीर मरीजों को रेफर किया जा रहा है। घायलों में लगभग 8 से 10 बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से 1 से 2 बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है।

प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जताया दुख
वहीं धार जिला प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि मृतकों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि व घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी और समुचित इलाज करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए है।

सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चिकलिया फाटा के पास हुआ सड़क हादसा हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इंदौर संभागायुक्त और आईजी को उपचार व्यवस्था के लिए धार जाने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का उपचार नि:शुल्क किया जाएगा। ईश्वर दिवंगतों को शांति व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।

Exit mobile version