MP : देवास विस्फोट मामले में SDM, SDOP सहित तीन अधिकारी निलंबित

देवास। पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में प्रशासनिक लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवालों के बीच संभाग आयुक्त ने शनिवार दोपहर एसडीएम संजीव सक्सेना और नायब तहसीलदार रवि शर्मा को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही एसडीओपी दीपा मंडवे को भी निलंबित किया गया है।
फैक्ट्री में हुए धमाके में 5 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हुए जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

शुरुवाती रेपोर्ट जे अनुसार कम बारूद के लाइसेंस पर फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर विस्फोटक जमा किया गया था। मजदूरों से बिना सुरक्षा इंतजामों के काम कराया जा रहा था और जिम्मेदार विभागों ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। हादसे के बाद सवाल उठे कि आखिर निरीक्षण करने वाले अधिकारी क्या कर रहे थे और इतनी बड़ी लापरवाही कैसे नजरअंदाज होती रही।
मामले ने तूल पकड़ा तो प्रशासन हरकत में आया। अब राजस्व विभाग के दो अधिकारियों पर गाज गिरी है।

प्रशासन ने माना- अफसरों ने लापरवाही बरती

निलंबन आदेश में कहा गया है कि दोनों अधिकारियों ने विस्फोटक सामग्री से जुड़े नियमों और प्रशासनिक निरीक्षण में गंभीर लापरवाही बरती।
जांच में सामने आया कि पटाखा फैक्ट्री की नियमित जांच नहीं की गई। अधिकारियों की जिम्मेदारी थी कि हर महीने यह जांच करें कि फैक्ट्री में लाइसेंस के अनुसार ही पटाखे और विस्फोटक सामग्री रखी जा रही है या नहीं, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। राजस्व विभाग उन छह विभागों में शामिल है जिन्हें ऐसी फैक्ट्रियों के लिए एनओसी और निगरानी की जिम्मेदारी रहती है।

प्रशासन का मानना है कि अधिकारियों की लापरवाही, उदासीनता और नियमों के पालन में अनियमितता के कारण यह हादसा हुआ। इसलिए मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत दोनों अधिकारियों को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय देवास रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Exit mobile version