MP vidhansabha : नियम समिति में होंगे स्पीकर – मुख्यमंत्री, महिला-बाल कल्याण समिति में सभी महिला विधायक

भोपाल. विधानसभा अध्यक्ष ने अगले दो सालों के लिए विधानसभा की नियम समिति, शिष्टाचार और अनुरक्षण समिति समेत अन्य समितियों का गठन कर दिया है। नियम समिति में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सभापति होंगे जबकि महिला और बाल कल्याण समिति में सभी महिला विधायक सभापति और समिति सदस्य बनाए गए हैं। सदस्यों के शिष्टाचार समिति का जिम्मा विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह को सौंपा गया है।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने वर्ष 2026-27 एवं 2026 -28 की अवधि में सेवा के लिए सदन समितियों का गठन किया है। इसमें नियम समिति, विशेषाधिकार समिति, प्रत्यायुक्त विधान समिति, सदस्यों के शिष्टाचार एवं सम्मान अनुरक्षण समिति तथा महिला एवं बाल कल्याण समिति का गठन वर्ष 2026-28 तक के लिए किया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर नियम समिति के सभापति होंगे। इस समिति में सदस्यों के रूप में डॉ मोहन यादव मुख्यमंत्री, विधायक गिरीश गौतम, राजेश वर्मा, विश्वनाथ सिंह, श्याम बरडे, अंबरीश शर्मा, सिद्धार्थ तिवारी, डॉ. हिरालाल अलावा, विजय रेवनाथ चौरे एवं ऋषि अग्रवाल को नामित किया गया है।

गायत्री राजे पवार को विशेषाधिकार समिति का सभापति बनाया
विशेषाधिकार समिति का सभापति विधायक गायत्रीराजे पवार को नियुक्त किया गया है। समिति के सदस्यों में विधायक सचिन बिरला, विश्वामित्र पाठक, अमर सिंह यादव, भगवानदास सबनानी, महादेव वर्मा, वीरेन्द्र सिंह लोधी, जयवर्द्धन सिंह, फुन्देलाल सिंह मार्को एवं आरिफ मसूद को‌ नामित किया गया है।

मेंदोला बने प्रत्यायुक्त समिति के सभापति
प्रत्यायुक्त विधान समिति का सभापति रमेश मेंदोला को नियुक्त किया गया है। विधायक अनिल जैन (निवाड़ी), नारायण पटेल, सचिन बिरला, संतोष बरकड़े, अरविन्द पटेरिया, मधु गेहलोत, शिवनारायण सिंह, चौधरी सुजीत मेर सिंह, केशव देसाई एवं वीरसिंह भूरिया को‌ सदस्य बनाया गया है।

बृजेन्द्र प्रताप को भी जिम्मेदारी
विधानसभा में सदस्यों के शिष्टाचार एवं सम्मान अनुरक्षण समिति का सभापति बृजेन्द्र प्रताप सिंह को नियुक्त किया गया है। विधायक दिनेश राय मुनमुन, मनोज नारायण सिंह चौधरी, अमर सिंह यादव, इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, प्रताप ग्रेवाल एवं भैरो सिंह बापू को सदस्य बनाया गया है।

ललिता यादव होंगी महिला बाल कल्याण समिति प्रभारी
महिला एवं बाल कल्याण समिति का सभापति ललिता यादव को नियुक्त किया गया है। विधायकगण उमादेवी खटीक, मंजू राजेन्द्र दादू, गंगा सज्जनसिंह उइके, सरला विजेन्द्र रावत, प्रियंका पैंची, कंचन मुकेश तन्वे, छाया मोरे, रामसिया भारती, चंदा सुरेन्द्र सिंह गौर एवं सेना महेश पटेल को को सदस्य नाम बनाया गया है।

Exit mobile version