SIR : चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में 7 अधिकारी सस्‍पेंड किये

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में आने वाले कुछ सप्‍ताह में विधानसभा चुनाव की तिथियों का ऐलान हो सकता है. उससे पहले चुनाव आयोग का ममता बनर्जी के अफसरों पर डंडा चला है. ECI का यह एक्‍शन SIR (मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण) से जुड़ा हुआ है. चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में 7 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. आयोग ने इन अधिकारियों पर गंभीर कदाचार, कर्तव्य में लापरवाही और वैधानिक शक्तियों के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं. आयोग ने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 13CC के तहत अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए यह सख्त कदम उठाया है. साथ ही पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को निर्देश दिया गया है कि संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उनके अपने कैडर द्वारा तत्काल विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की जाए. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी बिना किसी देरी के उसे उपलब्ध कराई जाए.

ECI के अनुसार, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती है, जिसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाता है कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हों और अपात्र नाम हटाए जाएं. ऐसे में यदि किसी अधिकारी द्वारा अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया जाता या शक्तियों का दुरुपयोग होता है, तो इससे चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है. निलंबित किए गए अधिकारियों में मुर्शिदाबाद जिले की 56 समसेरगंज विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (AERO) डॉ. सेफौर रहमान शामिल हैं, जो कृषि विभाग में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं. इसके अलावा 55 फरक्का विधानसभा क्षेत्र के AERO और फरक्का के राजस्व अधिकारी नितीश दास को भी निलंबित किया गया है.

चुनाव आयोग की सख्‍ती
चुनाव आयोग ने 16 मयनागुड़ी विधानसभा क्षेत्र की AERO और मयनागुड़ी विकास खंड में महिला विकास अधिकारी के रूप में तैनात डालिया रे चौधरी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. इसके अलावा 57 सूती विधानसभा क्षेत्र के AERO और सूती ब्लॉक के एडीए शेख मुर्शिद आलम को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इसी क्रम में 139 कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र के दो AERO (सत्यजीत दास (संयुक्त बीडीओ) और जॉयदीप कुंडू (एफईओ)) को भी सस्‍पेंशन का सामना करना पड़ा है. इसके अतिरिक्त 229 देबरा विधानसभा क्षेत्र के ज्‍वाइंट बीडीओ और AERO देबाशीष बिस्वास पर भी आयोग ने सख्त कार्रवाई की है.

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles