भोपाल। मध्यप्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय, भोपाल को नया शैक्षणिक नेतृत्व मिल गया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रो. मिलिंद दत्तात्रेय दाण्डेकर को विश्वविद्यालय का नया कुलगुरु (Vice Chancellor) नियुक्त किया है।
आदेश के अनुसार यह नियुक्ति मध्यप्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय अधिनियम, 1991 (क्रमांक 20) की धारा 09 की उपधारा (1) और सहपठित परिनियम-1 के अंतर्गत की गई है। आदेश के अनुसार, प्रो. दाण्डेकर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्षों की अवधि अथवा 70 वर्ष की आयु, जो भी पहले हो, तक इस पद पर कार्यरत रहेंगे।
मिलिंद दत्तात्रेय दाण्डेकर वर्तमान में श्री गोविन्दराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (SGSITS), इंदौर के इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत हैं। वे तकनीकी शिक्षा और प्रबंधन के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् माने जाते हैं। उनके पास अकादमिक, प्रशासनिक और अनुसंधान का तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। वे ना केवल तकनीकी विषयों में विशेषज्ञता रखते हैं, बल्कि ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) सिस्टम की जरूरतों और चुनौतियों की भी गहरी समझ रखते हैं।
