दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी की सभा के दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए। भाषण देते समय उनकी आंखें नम हो गईं और गला भर आया।
नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के भाजपा में फूट के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, “कांग्रेस कहती है कि भाजपा में फूट है। आज देख लीजिए, हम सब एक साथ खड़े हैं। मैं इस उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जिताने के लिए दतिया के एक-एक घर के सामने शीश नवाऊंगा।”
उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह पर तंज कसते हुए कहा, “राजा साहब एक्सपायरी डेट की होम्योपैथी की गोली हैं। बहुत मीठी होती है, लेकिन असर कुछ नहीं होता।”
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी नरोत्तम मिश्रा की भूमिका को अहम बताते हुए कहा, “नरोत्तम, हम छोटे भाई आशुतोष तिवारी को आपके सुपुर्द कर रहे हैं। अब इन्हें पार लगाना आपका काम है।”
इससे पहले सोमवार सुबह कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, सपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव और अन्य नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
इसके बाद दोपहर में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डॉ. नरोत्तम मिश्रा और वरिष्ठ नेताओं के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया।
दतिया उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के लिए यह चुनाव संगठन की एकजुटता दिखाने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस इसे सत्ता पक्ष के खिलाफ माहौल बनाने के अवसर के रूप में देख रही है। ऐसे में दोनों दलों के शीर्ष नेताओं की सक्रियता ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
दतिया उपचुनाव: बीजेपी की सभा में नरोत्तम के आंसू छलके, तिवारी ने दाखिल किया नामांकन
