भोपाल। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सिंगरौली जिले के धिरौली स्थित अडानी के कोल ब्लॉक का मामला उठाया। कांग्रेस विधायकों ने जांच के लिए विधानसभा समिति गठित करने की मांग की। अध्यक्ष के आश्वासन के बावजूद कांग्रेस विधायक संतुष्ट नहीं हुए और विरोध जारी रखा। इसके बाद कांग्रेस के विधायकों ने विरोध स्वरूप सदन की कार्यवाही से वॉकआउट कर दिया। इस बीच सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित हुई।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कोल ब्लॉक के लिए 8 गांवों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है और कलेक्टर की सूची के अनुसार 12,998 परिवार प्रभावित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित आदिवासी परिवारों को पूरा मुआवजा नहीं मिला है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुआवजा राशि बाहरी लोगों को भी दी गई है। उन्होंने सदन में आरोप लगाया कि थाना प्रभारी जितेंद्र भदौरिया की पत्नी को 15,94,990 रुपए और यातायात प्रभारी दीपेंद्र सिंह कुशवाह की पत्नी स्वाति सिंह के नाम पर 14,42,482 रुपए मुआवजा दिया गया। उन्होंने इस मामले की विधानसभा समिति से जांच कराने की मांग की।
प्रभारी मंत्री बोलीं- 33 हजार पेड़ काटे गए
10 मिनट के स्थगन के बाद जब विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सभी सदस्यों से अपनी सीट पर बैठने को कहा। उस समय कई विधायक गर्भगृह में खड़े थे और नारेबाजी जारी थी। सिंगरौली की प्रभारी मंत्री संपत्तिया उइके ने कहा कि क्षेत्र में 33 हजार पेड़ काटे गए हैं और उन्होंने स्वयं मौके का दौरा किया है। उन्होंने बताया कि पांच गांवों की भूमि का अधिग्रहण किया गया है और फिलहाल वहां कोयला नहीं निकाला जा रहा है, केवल मिट्टी हटाने का काम चल रहा है।
विजयवर्गीय की अध्यक्षता में कमेटी बनाने की मांग
कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में कमेटी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि कमेटी मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करेगी तो सच्चाई सामने आ जाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार कोल ब्लॉक के नाम पर अडानी को फायदा पहुंचा रही है और प्रभावित लोगों को पूरा मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक कोल ब्लॉक का काम रोका जाना चाहिए।
मंत्री बोले- 1,552 परिवारों को मुआवजा दिया गया
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि अब तक 1,552 प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि हर आदिवासी परिवार को लगभग 50 लाख रुपए तक मुआवजा मिलेगा। मंत्री ने कहा कि यदि किसी बाहरी व्यक्ति को मुआवजा मिला है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
कांग्रेस विधायकों ने विरोध में किया वॉकआउट
विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर कांग्रेस विधायकों ने सिंगरौली के धिरौली कोल ब्लॉक मामले की जांच को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस विधायक जांच के लिए विधानसभा समिति गठित करने की मांग पर अड़े रहे।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रश्नकाल समाप्त हो चुका है और सरकार ने मामले की जांच कराने की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों से सहयोग करने को कहा।
लाडली बहना योजना में नए पंजीयन की तारीख तय नहीं
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने लाडली बहना योजना में नए लाभार्थियों के पंजीयन शुरू करने को लेकर कहा कि फिलहाल इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि योजना को लेकर वे प्रतिदिन जवाब देते हैं और जब भी नए पंजीयन शुरू होंगे, इसकी जानकारी आधिकारिक रूप से दी जाएगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि अभी नए पंजीयन की तिथि तय नहीं हुई है। सरकार समय आने पर इसकी घोषणा करेगी।
बीजेपी विधायक बोले- मालवा में बढ़ रहा नशे का कारोबार
जावरा से बीजेपी विधायक राजेंद्र पांडे ने कहा कि मालवा क्षेत्र हमेशा शांत रहा है, लेकिन यहां अवैध नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांजा, अफीम और डोडा चूरा के बाद अब एमडी ड्रग्स भी बनाई जा रही है। नशे की आड़ में अवैध हथियारों की तस्करी भी हो रही है। उन्होंने शासन और प्रशासन से इस पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।
