MP Vidhansabha : भारत – यूएस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने किया ट्रंप-मोदी के मुखौटे पहनकर प्रदर्शन

भोपाल। विधानसभा के बजट सत्र के छठवें दिन आज इंडिया-यूएस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में विधानसभा की कार्रवाई शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ विधायक पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखौटे पहनकर विरोध जताते नजर आए।
विधानसभा में आज बजट पर चर्चा हो रही है। वहीं उपनेता प्रतिपक्ष रहे हेमंत कटारे इस्तीफा देने को लेकर दोपहर 12 बजे के बाद अपनी बात रखेंगे। कटारे ने दो दिन पहले 19 फरवरी को उप नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से वे सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए और न ही उनका बयान सामने आया। आज विधानसभा पहुंचने पर वे इस्तीफे को लेकर अपनी बात रख सकते हैं।
बांछड़ा समाज की समस्याओं का मुद्दा उठा
भाजपा विधायक दिलीप सिंह परिहार ने प्रश्नोत्तर काल के दौरान नीमच में बांछड़ा समाज की समस्याओं का मामला उठाया। उन्होंने पूछा कि नीमच, मंदसौर, रतलाम में रहने वाले बांछड़ा समाज को मध्य प्रदेश में किस जाति का दर्जा प्राप्त है। इस समुदाय की महिलाओं और बच्चों के रूप में कार्य करने से रोकने के लिए क्या किया है। इसके जवाब में जनजातीय कार्य मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि यह सवाल महिला और बाल विकास विभाग से जुड़ा है। नीमच में 433, मंदसौर में 107 और रतलाम में 110 आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। नीमच में 347 जाति प्रमाण पत्र, मंदसौर में 93 और रतलाम में 107 जाति प्रमाण पत्र बने हैं।

जनजातीय कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप
जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने विधायक मधु भगत के सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में विभाग के तहत कराए जाने वाले कार्यों को लेकर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे गए हैं। इसके साथ ही पंचायतों को भी 25 लाख के काम कराए जाने के अधिकार हैं। विधायक भगत ने विभाग के कामों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए तो मंत्री शाह ने कहा कि अगर किसी पंचायत विशेष या योजना विशेष के मामले में गड़बड़ी की शिकायत हो तो वह जानकारी दें, इसकी जांच करा ली जाएगी।
प्रदेश में बिजली दरें बढ़ाने के प्रस्ताव का भी विरोध
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश में बिजली दरें बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली दरों को कम किया जाना चाहिए, लेकिन सरकार बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर काम करना चाहिए कि आम जनता को बिजली कैसे सुलभ हो सके।





